गौ-शालाओं के रख-रखाव के लिए मंडी बोर्ड से मिला 3.25 करोड़ का अनुदान
मुख्यमंत्री ने गौ-सेवा आयोग अध्यक्ष को सौंपा चेक

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रात यहां अपने निवास पर छत्तीसगढ़ राज्य गौ-सेवा आयोग के लिए आयोग के अध्यक्ष श्री प्रेम सिंघानिया को सवा तीन करोड़ रूपए की राशि का चेक सौंपा। यह राशि प्रदेश की विभिन्न गौ-शालाओं के बेहतर रख-रखाव के लिए छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड द्वारा गौ-सेवा आयोग को अनुदान के रूप में दी गई है। गृह, जेल और सहकारिता मंत्री श्री ननकी राम कंवर, कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू और संसदीय सचिव श्री विजय बघेल सहित राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग में 62 गौ-शालाएं पंजीकृत हैं। गौसेवा आयोग द्वारा पंजीकृत गौशलाओं में पशुओं के कल्याण, पोषण आहार, गौशालाओं के उन्नयन, पेयजल व्यवस्था, शेड निर्माण, हरा चारा उत्पादन, पशुओं की बीमारियों की रोकथाम और उपचार की व्यवस्था की जाती है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी कि इस राशि का बेहतर उपयोग आयोग द्वारा किया जाएगा। यह भी उल्लेखनीय है कि मंडी बोर्ड द्वारा गौ-सेवा आयोग को छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से अब तक अनुदान के रूप में छह करोड़ 49 लाख रूपए की सहायता दी जा चुकी है। राज्य सरकार ने भी आयोग को 75 लाख रूपए का अनुदान दिया है।

