पीएमटी प्रश्न पत्र लीक मामले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य के हजारों बच्चों के भावी कैरियर से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. सिंह ने कहा कि पीएमटी पर्चा दोबारा लीक होने के मामले की पुलिस जांच भी शुरू हो गयी है और इसमें दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा दोबारा आयोजित पी.एम.टी. में प्रश्न पत्र लीक होने की घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मामले में संबंधित अधिकारियों की लापरवाही पर तीव्र नाराजगी व्यक्त की है। डॉ. रमन सिंह ने आज इस घटना की जानकारी मिलते ही उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री हेमचंद यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से सम्पूर्ण घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेकर व्यापम अध्यक्ष तथा परीक्षा नियंत्रक को उनके पदों से हटा दिया।

