सुगम यातायात में सहायक होगा बायपास मार्ग : मुख्यमंत्री ने किया भूमि पूजन
रायपुर, 08 अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज चैत्र नवरात्रि के पवित्र पंचमी के दिन जिला मुख्यालय राजनांदगांव में आम जनता को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा देने के लिए जिस बायपास मार्ग का भूमि पूजन किया, उसके बन जाने पर शहर के बीच घनी आबादी में यातायात का दबाव और ध्वनि प्रदूषण काफी हद तक कम हो जाएगा। इस बायपास मार्ग का निर्माण 54 करोड़ 53 लाख रूपए की लागत से होगा। यह कोलकाता-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-53 पर पर्री नाला के समीप शुरू होगा और ग्राम पेण्ड्री नर्सरी के पास खत्म होगा। इसकी लम्बाई लगभग 13 किलोमीटर और चौड़ाई 12 मीटर होगी। बायपास मार्ग पर साढ़े सात मीटर की चौड़ाई में डामरीकरण भी किया जाएगा। इस पर 30 नग छोटे पुल-पुलियों सहित तीन ओव्हर पास का भी निर्माण किया जाएगा। बायपास मार्ग का निर्माण पूर्ण होने पर रायपुर या नागपुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों, विशेष रूप से भारी वाहनों को राजनांदगांव शहर के भीतर आने की जरूरत नहीं होगी। इसी तरह बालोद, मोहला और मानपुर से आने-जाने वाले वाहनों को भी इस शहर के भीतर नहीं आना पड़ेगा। इसके फलस्वरूप शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को वाहनों के ध्वनि प्रदूषण्ा से भी काफी राहत मिलेगी। इस अवसर पर कृषि और श्रम मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू, लोकसभा सांसद श्री मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, पाठयपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अध्यक्ष श्री मोहन एंटी, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष श्री अरूण चौबे, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख, महापौर राजनांदगांव नगर निगम श्री नरेश डाकलिया और जिले के अनेक जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रमिक और आम नागरिक उपस्थित थे।

