बस्तर की नैना ने रचा इतिहास
हिमालय के दुर्गम बर्फीले रास्तों को पार करने वाली बनी छत्तीसगढ़ की पहली महिला
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने दी बधाई
रायपुर 05 जुलाई 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर की निवासी और पर्वतारोही सुश्री नैना धाकड़ को भूटान में दुर्गम स्नोमैन ट्रेक अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उल्लेखनीय है कि सुश्री नैना देश की सुप्रसिध्द पर्वतारोही सुश्री बछेन्द्री पाल के नेतृत्व में दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण पहाड़ी रास्तों में से एक भूटान के स्नोमैन ट्रेक को पार करने वाले पहले भारतीय महिला पर्वतारोही दल की सदस्य थीं। मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए कहा कि बस्तर की नैना ने यह उपलब्धि हासिल करके प्रदेश को गौरवान्वित किया है। भारतीय महिला पर्वतारोही दल का यह अभियान पिछले माह भूटान के पारो-ड्रकगाइल जोंग से सेफू तक आयोजित किया गया, जिसमें दल ने ग्यारह काफी कठिन दर्रों को भी पार किया।

