शराबी वाहन चालक द्वारा नव-दम्पति को कुचलने का प्रयास- मुख्यमंत्री ने तीव्र निंदा की : पुलिस को दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
रायपुर 4 जुलाई 2010
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल देर रात राजधानी रायपुर के शंकर नगर में शराब के नशे में धुत्त एक वाहन चालक द्वारा दोपहिया वाहन सवार नव-विवाहित दम्पति को कुचलने के प्रयासों की तीव्र निंदा की है। डॉ. सिंह ने उसकी इस हरकत की वजह से स्थानीय राजीव नगर निवासी श्री राहुल सिंह की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शराबी वाहन चालक की इस हरकत की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि इस वाहन चालक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। डॉ. रमन सिंह ने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने इस वारदात की वजह से घायल स्वर्गीय श्री राहुल सिंह की धर्म पत्नी श्रीमती कल्पना सिंह के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना भी प्रकट की है। डॉ. सिंह ने पुलिस अधिकारियों को राज्य में शराबी वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

