रेल गाड़ियों में चना-मुर्रा बेचने वाली महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बतायी अपनी समस्या
रायपुर 7 जुलाई 2011

रेल गाड़ियों में यात्रियों को चना, मूंगफली, चना-मुर्रा, मटर, ककड़ी, खीरा आदि बेचकर जीवन यापन करने वाली महिलाओं के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज सवेरे यहां उनके निवास पर जनदर्शन कार्यक्रम में मुलाकात कर उन्हें अपनी व्यथा बतायी। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि रेल्वे पुलिस द्वारा उन लोगों को सामग्री बेचने से रोका आए दिन उन्हें जेल और जुर्माने की समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से रेल गाड़ियों में इन सामाग्रियों को बेचने की अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि यदि रेल प्रशासन द्वारा उन्हें पहचान पत्र जारी कर दिए जाए और उनके तीन या छह माह के लिए मासिक सीजन टिकट बना दिए जाए, तो वे लोग बिना किसी डर के अपना व्यवसाय आसानी से कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मंडल की बात सहानुभूतिपूर्वक सुनी और इस संबंध में रेल प्रबंधन को पत्र लिखने का आश्वासन दिया।
क्रमांक-1607/सोलंकी

