मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार श्री अग्निहोत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया
रायपुर 07 जुलाई 2010
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ . रमन सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार श्री रामशंकर अग्निहोत्री के आज रायपुर में हुए आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। श्री अग्निहोत्री छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा स्थापित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में दीनदयाल शोध पीठ के अध्यक्ष थे। मुख्यमंत्री ने यहां जारी शोक संदेश में कहा है कि स्वर्गीय श्री अग्निहोत्री देश के ख्याति प्राप्त गंभीर चिंतक, विद्वान लेखक और प्रतिष्ठित पत्रकार थे, जिन्होंने ‘राष्ट्रधर्म’ सहित राष्ट्रभाषा हिन्दी की अनेक पत्र-पत्रिकाओं में लम्बे समय तक अपनी सेवाएं दी। डाॅ. रमन सिंह ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार श्री अग्निहोत्री के पास देश और समाज को सही दिशा देने के लिए मूल्यवान विचारों और अनुभवों का खजाना था। उन्होंने अपनी लेखनी से इस सामाजिक जिम्मेदारी का बखूबी निवर्हन किया। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह चार दिन पहले स्वयं श्री अग्निहोत्री को देखने और उनका कुशल-क्षेम लेने यहां राजा तालाब स्थित एक निजी अस्पताल गए थे। डाॅ. सिंह ने कहा कि नियति को शायद कुछ और ही मंजूर था, जिसने अचानक उन्हें हमसे हमेशा के लिए छीन लिया। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री अग्निहोत्री के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना और सहानुभूति प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

