मुख्यमंत्री 14 से 16 जुलाई तक नई दिल्ली प्रवास पर
रायपुर में 14 को नहीं होगा 'जनदर्शन'
रायपुर 13 जुलाई 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास पर यहां आगामी गुरूवार 14 जुलाई को आम जनता से मुलाकात का उनका साप्ताहिक कार्यक्रम 'जनदर्शन' नहीं होगा। मुख्यमंत्री कल 14 तारीख को रायपुर से सवेरे 8.10 बजे नियमित विमान द्वारा नई दिल्ली रवाना होंगे। डॉ. सिंह वहां पहुंचकर अपरान्ह 3.30 बजे योजना भवन में केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय की कोरग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। वे अगले दिन 15 जुलाई को भी नई दिल्ली में रहेंगे। डॉ. सिंह 16 जुलाई को सवेरे 10.30 बजे नई दिल्ली में केन्द्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा आयोजित समारोह में शामिल होंगे, जहां उन्हें प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह चावल उत्पादन के मामले में वर्ष 2010-11 में सर्वाधिक पैदावार के लिए छत्तीसगढ़ को घोषित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। मुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल होकर अपरान्ह 3.05 बजे नई दिल्ली से नियमित विमान द्वारा रवाना होकर शाम 4.45 बजे रायपुर लौट आएंगे।
क्रमांक-1688/स्वराज्य

