जवाहर लाल नेहरू शहरी नवीकरण मिशन : मुख्यमंत्री ने की समीक्षा
रायपुर पेयजल आवर्धन योजना की दस टंकियों से पानी अगले माह के अंत तक मिलने लगेगा
गरीबों के लिए मकान निर्माण की जिम्मेदारी नगर निगम-गृह निर्माण मंडल को
एच.पी.एल. के विरूध्द वसूली के निर्देश
रायपुर, 11 अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय में जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन की राज्य स्तरीय स्टेयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। डॉ. सिंह ने योजना की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राजधानी रायपुर की 303 करोड़ 64 लाख रूपए की लागत वाली पेयजल आवर्धन योजना के तहत अगले माह मई के अन्त तक दस नवनिर्मित ओव्हरहैंड टंकियों से पानी की आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत सत्रह में से दस ओव्हर हैड टंकियों का निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है। इनमें से ईदगाह भाठा, चंगोरा भाठा, दीनदयाल उपाध्याय नगर, सरोना, कोटा, कबीरनगर, टाटीबंध, जरवाय और गोगांव की टंकियों का निर्माण शत-प्रतिशत पूर्ण हो गया है, जबकि मठपुरैना में 96.5 प्रतिशत और भाठागांव में 95.5 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। लालपुर में 87 प्रतिशत और अमलीडीह में 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लघु एवं मध्यम शहरों में अधोसंरचना अंतर्गत जलप्रदाय, सिवरेज, ड्रेनेज, स्टार्म, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट इत्यादि कार्यों की योजना की समीक्षा की। इसके अंतर्गत बिलासपुर एवं रायगढ़ की जल प्रदाय योजना तथा बिलासपुर शहर की भूमिगत सीवरेज योजना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा के बाद रायपुर शहर में गरीबों के लिए बी.एस.यू.पी. योजना के तहत 17 हजार मकानो के निर्माण का कार्य नगर निगम रायपुर को और तीन हजार मकानों के निर्माण की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ गृह निर्माण्ा मंडल को सौपने के निर्देश दिए। योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा बी.एस.यू.पी. योजना रायपुर के लिए 391 करोड़ 45 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गयी हैं, जिसके अंतर्गत 175 करोड़ 60 लाख केन्द्रांश एवं राज्यांश प्राप्त हो चुका है। इसमें 11 करोड़ 58 लाख नगर निगम रायपुर द्वारा निकाय अंश सम्मिलित की गयी है। आवास निर्माण की एजेंसी हिन्दुस्तान प्री फेब लिमिटेड (एच.पी.एल.) द्वारा 5720 आवासों का निर्माण किया जाना था, किंतु एचपीएल द्वारा वर्तमान में कार्य बंद कर देने से उक्त निर्माण एजेंसी के विरूध्द वसूली की पृथक से कार्रवाई करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बी.एस.यू.पी. योजना फेस दो रायपुर शहर के तेलीबांधा एवं दलदल सिवनी में 1136 मकानों के लिए 42 करोड़ 25 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गयी है, जिसके अंतर्गत प्रथम किश्त की राशि आठ करोड़ 37 लाख रूपए प्राप्त हो चुकी है। योजनातंर्गत तेलीबांधा स्थित 720 मकानों के निर्माण हेतु निविदा की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है, एवं कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की कार्रवाई की जा रही है। दलदल सिवनी के 420 मकानों की पुन: निविदा आमंत्रित की गयी है।
अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा नया रायपुर के लिए जल आवर्धन योजना के लिए 156 करोड़ 23 लाख रूपए की स्वीकृति फरवरी 2009 में प्रदान की गयी है। इसी तरह नया रायपुर में बी.एस.यू.पी. योजना के तहत 888 इकाई मकानों के लिए भारत सरकार से 28 करोड़ 78 लाख रूपए की स्वीकृति दी गयी है। योजना अंतर्गत चार पैकेज में निविदा आमंत्रित की जाकर दो पैकेज अंतर्गत 528 मकानों का निर्माण प्रारंभ किया गया है एवं शेष दो पैकेज में 360 मकानों के कार्य प्रारंभ किये जाने की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि आई.एच.एस.पी.डी. योजना के अंतर्गत गरीबों के लिए प्रदेश के 17 शहरों भिलाई, जामुल, कुम्हारी, बिलासपुर क्रमांक एक एवं दो, रायगढ़, दुर्ग, डोंगरगढ़, बालोद, भाटापारा बेमेतरा, कुरूद, अभनपुर, डोंगरगांव, राजनांदगांव, खैरागढ़ एवं कवर्धा में कुल 17922 मकानों का निर्माण किया जाएगा। इनमें 8718 मकानों प्रगतिरत है तथा 1076 मकानों पूर्ण किये जा चुके है। मुख्यमंत्री ने जिन शहरों में निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा बैठक में रायपुर शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए नागपुर एवं इंदौर की तर्ज पर बहुमंजिला पार्किंग विकसित करने के बारे में भी चर्चा की गयी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों का दल जानकारी के लिए उक्त शहरों का भ्रमण कर रिपोर्ट देगा।
समीक्षा बैठक के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत, लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, लोकसभा सांसद श्री रमेश बैस, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती किरणमयी नायक, विधायक श्री नंदकुमार साहू, प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव श्री पी.जाय उम्मेन, आवास एवं पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव श्री एन. बैजेन्द्र कुमार, प्रमुख सचिव वित्त श्री अजय सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव श्री आर.पी.मंडल, नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस.एस. बजाज, नगरीय प्रशासन विभाग के आयुक्त श्री संजय शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

