छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल से सौजन्य भेंट की
रायपुर 15 जुलाई 2010
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने इस अवसर पर राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार की समन्वित कार्य योजना के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस इलाके में अनुसूचित जनजातियों और अनुसूचित जातियों सहित समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। डॉ. सिंह ने राष्ट्रपति को यह भी बताया कि बस्तर संभाग और उसके आसपास के आदिवासी इलाकों के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा बस्तर डेव्हलपमेंट ग्रुप का गठन किया गया है, ताकि नक्सल प्रभावित अंचलों की जरूरतें पूरी करने और विकास कार्य कराने संबंधी फैसले संबंधित जिलों में ही लिये जा सके। इस दौरान मुख्यमंत्री के सचिव श्री अमन कुमार सिंह, आवासीय आयुक्त श्रीमती ऋचा शर्मा और विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे ।
क्रमांक-1779/यू.एम.

