सभी वनग्रामों में लगेंगे सोलर पावर पम्प
आश्रम-छात्रावासों और जेलों में गैसी फायर से बनेगी रसोई
मुख्यमंत्री ने क्रेडा की बैठक में की घोषणा
प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सौर ऊर्जा पाठयक्रम के प्रस्ताव को सैध्दांतिक सहमति
रायपुर 19 जुलाई 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य के सभी चार सौ से अधिक वनग्रामों में सार्वजनिक पेयजल सुविधा के लिए सौर ऊर्जा पर आधारित एक-एक पावर पम्प की स्थापना की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि ये सोलर पावर पम्प वन विभाग की क्षतिपूर्ति वनीकरण निधि (कैम्पा) की राशि से लगाए जाएंगे। डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के सभी आश्रम विद्यालयों और छात्रावासों तथा जेलों के रसोई घरों मे लकड़ी और गैस सिलेण्डरों की बचत के लिए गैसी फायर उपकरण लगवाने की भी घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने आज यहां मंत्रालय में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) की शासी निकाय की 27 वीं बैठक में विचार-विमर्श के बाद ये घोषणाएं की। बैठक में बताया गया कि गैसी फायर में सिर्फ तीन किलो लकड़ी से कम से कम 50 से 60 लोगों का भोजन तैयार हो सकता है। केन्द्रीय जेल रायपुर में इसका उपयोग किया जा रहा है, जहां एक विगत एक वर्ष में सिलेण्डरों की खपत में कमी लाकर लगभग 18 लाख रूपए की बचत की गयी। गैसी फायर में लकड़ी के ठोस टुकड़ों को गैसीय ऊर्जा में बदलकर उसका उपयोग रसोई आदि के लिए किया जा सकता है। अधिकारियों ने बैठक में यह भी बताया कि कबीरधाम जिले के बैगा आदिवासी बहुल बोड़ला और पंडरिया विकासखंडों के अमेरा, अमनिया, जमुनिया, सोनावाही आदि कई गांवों में किसान सौर ऊर्जा से सिंचाई पम्प सफलतापूर्वक चला रहे हैं। क्रेडा द्वारा इन विकासखंडों के 52 किसानों को सोलर पावर पम्प दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रदेश में सौर ऊर्जा प्रणाली से हो रहे विद्युतीकरण के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सौर ऊर्जा की बढ़ती उपयोगिता को ध्यान में रखकर अपर मुख्य सचिव तकनीकी शिक्षा श्री नारायण सिंह के प्रस्ताव पर राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आई.टी.आई) में सौर ऊर्जा पाठयक्रम तैयार करने की सैध्दांतिक सहमति भी प्रदान कर दी। मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा उपकरणों की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए राजधानी रायपुर सहित अन्य बड़े शहरों के शॉपिंग मालों में आदित्य सोलर शॉप खोलने के भी निर्देश दिए। बैठक में वित्त विभाग के प्रमुख सचिव श्री अजय सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री डी. एस. मिश्रा, आयुक्त आदिवासी विकास श्री मनोज कुमार पिंगुआ, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अमन कुमार सिंह और क्रेडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस.के.शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

