सैनिक स्कूल की स्वर्ण जयंती : मुख्यमंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं
रायपुर 19 जुलाई 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल 20 जुलाई को पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के रीवा स्थित सैनिक स्कूल के पचास वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इस सैन्य विद्यालय के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अधिकारियों सहित पूर्व छात्रों को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. रमन सिंह ने आज यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि सैनिक स्कूल रीवा के स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश करने का यह एक ऐतिहासिक अवसर है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा इस विद्यालय की विशेष पहचान है। डॉ. सिंह ने कहा कि विगत 50 वर्षो की विकास यात्रा में इस विद्यालय से शिक्षित और प्रशिक्षित होकर निकले अनेक युवाओं ने भारतीय सशस्त्र सेनाओं में लेफ्टिनेंट जनरल, वाईस एडमिरल और एअर मार्शल जैसे सर्वोच्च पदों पर कार्य करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है और वे लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का विषय है। इसके अलावा सैनिक स्कूल रीवा ने अखिल भारतीय सेवाओं के लिए भी कई सुयोग्य अधिकारी दिए हैं। इस विद्यालय से पढ़कर निकले छात्र सार्वजनिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। तत्कालीन अविभाजित मध्यप्रदेश के जमाने में छत्तीसगढ़ के अनेक विद्यार्थियों ने भी रीवा के सैनिक स्कूल में प्रवेश लेकर उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त की है। मुख्यमंत्री ने स्वर्ण जयंती वर्ष पर रीवा सैनिक स्कूल की निरन्तर प्रगति की कामना की है। उल्लेखनीय है कि रीवा में सैनिक स्कूल की स्थापना 20 जुलाई 1962 को हुई थी।

