मुख्यमंत्री ने डॉ. खूबचंद बघेल की जयंती पर शुभकामनाएं दी
रायपुर 18 जुलाई 2010
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ के प्रसिध्द किसान नेता और साहित्यकार स्वर्गीय डॉ. खूबचंद बघेल की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। डॉ. सिंह ने आज यहां जारी शुभकामना संदेश में कहा है कि स्वर्गीय डॉ. बघेल छत्तीसगढ़ महतारी के उन महान सपूतों में से थे, जिन्होंने वर्षों पहले इस अंचल को देश के एक नए राज्य के रूप में विकसित करने का सपना देखा था और उस सपने को साकार करने के लिए विभिन्न मंचों और कार्यक्रमों के माध्यम से जनमत निर्माण का विशेष अभियान भी चलाया था। स्वर्गीय डॉ. बघेल छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय किसान नेता और एक सुयोग्य जन-प्रतिनिधि भी थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के जिस गांव, गरीब और किसान की बेहतरी का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए प्रदेश सरकार वचनबध्द है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी और खुशहाल राज्य बनाने के लिए हम सबको मिलकर उनके बताए मार्ग पर चलना होगा।

