मुख्यमंत्री कन्यादान योजना : अब तक पच्चीस हजार बेटियों ने बसाया घर-संसार
रायपुर, 11 अप्रैल 2011
गरीब परिवारों की विवाह योग्य बेटियों की शादी के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना प्रदेश की हजारों बेटियों का घर-संसार बसाने का एक अच्छा माध्यम बन गयी है। विगत छह वर्षो से चल रही इस योजना के तहत सरकारी खर्च पर आयोजित सामूहिक विवाह समारोहों में अब तक लगभग पच्चीस हजार बेटियों के विवाह सम्पन्न हो चुके हैं। समय-समय पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और प्रदेश सरकार के मंत्री भी इन आयोजनों में शामिल होकर वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने महिला और बाल विकास विभाग की इस योजना के लिए प्रत्येक कन्या के विवाह पर दी जाने वाली शासकीय सहायता राशि इस वित्तीय वर्ष में पांच हजार रूपए से बढ़ाकर दस हजार रूपए कर दी है। जिला मुख्यालय रायगढ़ के नजदीक बंजारी धाम में इस महीने की पहली तारीख को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 892 बेटियों के हाथ पीले हुए। आयोजन में समाज सेवी संस्थाओं और दानदाता नागरिकों ने भी उत्साह के साथ सहयोग प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं वहां कन्यादान कर नव-दम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय जीवन की कामना की। समारोह के बाद रायगढ़ से लैलूंगा मार्ग पर दर्जनों वाहनों पर सवार दूल्हा-दुल्हन अपने परिजनों के साथ उल्लास के साथ खुशी-खुशी घर जा रहे थे। उनके साथ समारोह में मिले उपहारों सायकल, पंखे और गद्दे की सौगात भी थी। संयोगवश इस मार्ग से समाजसेवी संस्था एनवायरमेंट एनर्जी फाउंडेशन के श्री ललित कुमार सिंघानिया भी गुजर रहे थे। उन्होंने जब कन्यादान योजना के संबंध में ग्रामीणों की प्रतिक्रिया जाननी चाही, तो बहुत से दम्पतियों के अभिभावकों ने भावुक होकर नम आंखों से बताया - हमें विश्वास ही नहीं हो रहा है कि हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री हमारी पारिवारिक समस्याओं एवं गरीबी के कारण शादी-ब्याह में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए हमारे साथ खड़े हैं। कुछ बुजुर्गों ने कहा कि एक राजा का अपनी प्रजा के प्रति जो कर्तव्य होता है, वैसे ही अपनेर् कत्ताव्यों का निर्वाह मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कर रहे हैं। दूल्हे-दुल्हनों के परिजन इस योजना को प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते नहीं थकते। वे इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी धन्यवाद देते हैं। मुख्यमंत्री को श्री सिंघानिया ने पत्र भेजकर यह जानकारी दी है। उन्होंने इस शुभ कार्य के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा है कि गरीब परिवारों की बेटियों का कन्यादान कर मुख्यमंत्री ने एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कार्य किया है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत राज्य में अब तक गरीब परिवारों की करीब 25 हजार बेटियों की शादियां सम्पन्न हो चुकी है।

