साकार होगा स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल का सपना : डॉ. रमन सिंह
जल्द पूर्ण होगी केलो सिंचाई परियोजना
मुख्यमंत्री ने किया पूर्व विधायक पर केन्द्रित पुस्तिका का विमोचन
रायपुर, एक अप्रैल 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शाम जिला मुख्यालय रायगढ़ में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजवादी विचारक और पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल के जीवन पर केन्द्रित पुस्तिका 'शताब्दी पुरूष सम्मानिका' का विमोचन किया। डॉ. रमन सिंह ने विमोचन समारोह में कहा कि स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल ने रायगढ़ जिले में हरित-क्रांति और किसानों की खुशहाली के लिए केलो नदी पर जिस विशाल सिंचाई परियोजना का सपना देखा था और जिसके लिए उन्होंने हजारों किसानों के साथ मिलकर संघर्ष किया थाा, राज्य सरकार उनके उस सपने को जनता के सहयोग से जल्द से जल्द साकार करने जा रही है। वास्तव में केलो परियोजना का साकार होना स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल के प्रति सच्ची श्रध्दांजलि और राज्य सरकार के लिए सौभाग्य बात होगी।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल इस अंचल के एक ऐसे लोकप्रिय जन-नेता थे, जिन्होंने आजादी के आन्दोलन में उल्लेखनीय योगदान दिया और इलाके में गांव, गरीब और किसानों सहित समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों को उनके न्यायोचित अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल की लोकप्रियता का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है कि उन्हें भूतपूर्व विधायक हुए 31 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन जब वे विधायक नहीं रहे उस समय भी इस इलाके लोग उनको 'रामकुमार एम.एल.ए.' के नाम से सम्बोधित करते थे, और आज भी उन्हें इसी नाम से याद करते हैं। स्वर्गीय श्री अग्रवाल ने जनता के सुख-दु:ख में हमेशा जनता के साथ रहकर लोगों के दिलों में स्थान बनाया। उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश की विधानसभा में इस अंचल से चार विभिन्न चुनावों में विजयी होकर विधानसभा में क्षेत्र का और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री अग्रवाल सचमुच बेदाग छवि के एक स्पष्टवादी जनप्रतिनिधि थे। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की ऐसी महान विभूतियों की भावनाओं के अनुरूप गरीबों के सामाजिक-आर्थिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उल्लेखनीय है कि इस पुस्तिका में स्वर्गीय श्री अग्रवाल के सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रेरक प्रसंगों पर लेखकों और उनके नजदीकी लोगों के आलेख और संस्मरण प्रकाशित किए गए हैं, जो स्वर्गीय श्री अग्रवाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर भी आधारित हैं। विमोचन समारोह में मुख्यमंत्री ने आज ही रायगढ़ के नजदीक ग्राम तराईमाल स्थित बंजारीधाम में महिला और बाल विकास विभाग द्वारा कन्यादान योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का भी जिक्र किया। डॉ. सिंह ने इसमें रायगढ़ के नागरिकों और सामाजिक तथा औद्योगिक संगठनों से प्राप्त सहयोग की भी प्रशंसा की। सांसद और प्रसिध्द फिल्म अभिनेता श्री राज बब्बर ने भी समारोह को सम्बोधित किया। उनके अलावा खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री गिरधर गुप्ता और वरिष्ठ पत्रकार श्री रमेश नैयर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पद्मश्री सम्मान प्राप्त डॉ. महादेव प्रसाद पाण्डेय (रायपुर), दयाराम ठेठवार (रायगढ़), स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल के बाल सखा श्री पूर्णचन्द्र गुप्ता (रायगढ़) समारोह में विशेष रूप से उपस्थित थे। उनके अलावा विमोचन समारोह में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल, महिला और बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेण्डी, संसदीय सचिव श्री ओमप्रकाश राठिया, लोकसभा सांसद श्री विष्णुदेव साय, राज्यसभा सांसद श्री नंदकुमार साय, विधायक द्वय डॉ. शक्राजीत नायक और श्री हृदयराम राठिया, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री गिरधर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा रविन्द्र पटेल तथा महापौर रायगढ़ नगर निगम श्री महेन्द्र चौहथा सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। इस अवसर पर 'शताब्दी पुरूष रामकुमार सम्मानिका' समिति के संयोजक श्री रोशनलाल अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल का जीवन परिचय भी दिया। स्वर्गीय श्री रामकुमार अग्रवाल के ज्येष्ठ सुपुत्र और वरिष्ठ साहित्यकार श्री अमीचंद अग्रवाल 'राहगीर' ने आभार व्यक्त किया।

