मुख्यमंत्री ने सामूहिक आत्महत्या मामले को गंभीरता से लिया
घटना अत्यंत दु:खद और दुर्भाग्यपूर्ण : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज भिलाई नगर में एक ही परिवार की चार महिला सदस्यों की जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने की घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने इस परिवार के युवा सदस्य सुनील के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यजनक बताया है और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया है और दुर्ग कलेक्टर को जांच करने तथा जल्द अपनी रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री ने परिवार के बेरोजगार युवा सदस्य द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र से अनुकम्पा नियुक्ति की मांग किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय इस्पात प्राधिकरण और संयंत्र प्रबंधन को इस पर मानवीय दृष्टिकोण से विचार करते हुए गंभीरता और तत्परता से ध्यान देना चाहिए था। ऐसे संवेदनशील मामलों को लम्बे समय तक टाला नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे इस घटना से गहरा दु:ख पहुंचा है। डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि इस गंभीर मामले को देखते हुए भारतीय इस्पात प्राधिकरण और भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा अनुकम्पा नियुक्तियों के बारे में जल्द कोई नीतिगत निर्णय लेना चाहिए, ताकि दोबारा कोई ऐसी अप्रिय स्थिति निर्मित न होने पाए।

