राज्य निर्माण के बाद पहली बार होगा पशु औषधालयों का चिकित्सालयों में उन्नयन
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल जशपुर में करेंगे शुभारंभ
रायपुर 03 अगस्त 2010
छत्तीसगढ़ में राज्य गठन के बाद पहली बार दो पशु औषधालयों को पूर्ण कालीक पशु चिकित्सालयों के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल जशपुर जिले के फरसाबाहार और कोतबा पशु औषधालयों का पशु चिकित्सालय के रूप में उन्नयन कर शुभारंभ करेंगे। इन औषधालयों में शल्यज्ञ स्नातक पशु चिकित्सकों की भी पदस्थापना की जाएगी। डॉ. सिंह कल जशपुर प्रवास के दौरान जिले में छह नये पशु औषधालयों सहित ग्यारह औषधालयों और चिकित्सालयों के लिए एक करोड़ 15 लाख रूपए की लागत से बनने वाले भवनों के लिए भूमिपूजन भी करेंगे। इन औषधालयों के क्रियाशील हो जाने पर आस-पास के लगभग 210 गांवों के पशुपालकों को अपने पशुधन के इलाज की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। विभागीय अधिकारियों ने आज यहां बताया कि अविभाजित मध्यप्रदेश शासन द्वारा पशु औषधालयों का पशु चिकित्सालयों में उन्नयन प्रतिबंधित किया गया था। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इस प्रतिबंध को पशुपालकों के हित और पशुओं को इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हटा लिया गया है। और प्रदेश में पशु औषधालयों को पशु चिकित्सालयों के रूप में विकसित करने का काम शुरू कर दिया गया है।
क्रमांक-2059/नागेश

