मुख्यमंत्री के 'जनदर्शन' में मधुमेह जांच शिविर का शुभारंभ
शिविर में 203 लोगों का हुआ रक्त परीक्षण
रायपुर 05 अगस्त 2010

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर आम जनता से मुलाकात के साप्ताहिक कार्यक्रम 'जनदर्शन' में मधुमेह की नि:शुल्क जांच के लिए शिविर का शुभारंभ किया। डायबेटिक रिसर्च सोसायटी रायपुर के अध्यक्ष श्री लूनकरण पारख ने बताया कि सोसायटी द्वारा यह शिविर 'जनदर्शन' में हर महीने के प्रथम गुरूवार को आयोजित किया जाएगा। सोसायटी की ओर से विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने ग्लूकोमीटर से 203 लोगों का रक्त परीक्षण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्वयं का रक्त परीक्षण कराते हुए शिविर का शुभारंभ किया। उनके साथ छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी ने भी अपना रक्त परीक्षण कराया। मुख्यमंत्री और श्री भोजवानी के रक्त में शर्करा की मात्रा सामान्य पायी गयी। संसदीय सचिव द्वय श्री कोमल जंघेल और डॉ. सियाराम साहू भी इस मौके पर उपस्थित थे। सोसायटी की ओर से विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों को मधुमेह से बचाव के लिए मार्गदर्शन भी दिया। इसके लिए लोगों को पर्चे भी बांटे गए।

क्रमांक-2099/स्वराज्य

