मुख्यमंत्री ने अम्बेडकर जयंती पर जनता को शुभकामनाएं दी
रायपुर, 13 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल 14 अप्रैल को भारतीय संविधान के महान शिल्पी डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने आज यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर भारत माता के ऐसे अनमोल रत्नों में से थे, जिन्होंने देश और समाज की बेहतरी के लिए और विशेष रूप से समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन अर्पित कर दिया। डॉ. अम्बेडकर ने समाज के दलित-शोषित वर्गों में स्वाभिमान जाग्रत कर उन्हें जीवन पथ पर हिम्मत के साथ आगे बढ़ने का हौसला दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान निर्माण के लिए गठित प्रारूप समिति के सभापति के रूप में बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर ने कड़ी मेहनत और लगन से अपनी ऐतिहासिक भूमिका निभायी। उनके इस योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर की भावनाओं और उनके विचारों के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी समाज की अंतिम पंक्ति और राज्य के आखिरी गांव तक विकास योजनाओं के जरिए लोगों के जीवन में बेहतर बदलाव लाने के लिए वचनबध्द है।

