चारागाह की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत : मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को दिए जांच के निर्देश
रायपुर, 05 अगस्त 10
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर 'जनदर्शन' कार्यक्रम में दुर्ग जिले के बेमेतरा विकासखण्ड के ग्राम दाढ़ी में शासकीय जमीन और चारागाह भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर मामले की जांच के निर्देश जारी किए हैं। ग्राम पंचायत दाढ़ी की सरपंच श्रीमती विमला बाई ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें बताया कि वहां शासकीय जमीन और चारागाह भूमि पर कुछ लोग अवैध कब्जा करके खेती कर रहे हैं। इससे गांव के पशुओं के लिए चारे की समस्या उत्पन्न हो गयी है। उन्होंने इस जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच करके अवैध कब्जा हटाने निर्देश कलेक्टर दुर्ग को दिए हैं। जनदर्शन में अनेक जरूरतमंद मरीजों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करके इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीस मरीजों को नि:शुल्क इलाज के लिए रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर चिकित्सालय भेजा गया। इस अवसर पर संसदीय सचिव द्वय डॉ. सियाराम साहू और श्री कोमल जंघेल तथा छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी भी उपस्थित थे।
धमतरी जिले के कुरूद विकासखण्ड स्थित भुसरेंगा की सरपंच श्रीमती सावित्री निर्मलकर ने भुसरेंगा से कन्हारपुरी मार्ग पर एक स्टाप डेम का निर्माण कराने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि डेम के बनने से भुसरेंगा सहित आस-पास के गांवों की सैकड़ों एकड़ जमीन पर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। श्रीमती निर्मलकर ने इस संबंध में एक आवेदन पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर धमतरी को स्टाप डेम निर्माण के लिए स्थल परीक्षण कराकर प्रस्ताव भेजने के निर्देश जारी किए हैं। रायगढ़ जिले की सारंगढ़ जनपद पंचायत के सदस्य श्री सीताराम पटेल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करके लिमगांव ग्राम पंचायत के ग्राम होलधरपानी में एक मंगल भवन की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण से मंगल भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी।
जनदर्शन में धमतरी जिले के ग्राम अर्जुनी से आए ग्रामीणों के प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करके उन्हें बताया कि वे लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों से हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत उन लोगों के स्मार्ट कार्ड बन चुके हैं, लेकिन सरपंच और ग्राम पंचायत सचिव उन लोगों को स्मार्ट कार्ड नहीं दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर धमतरी को मामले की जांच करके पात्र लोगों को स्मार्ट कार्ड दिलाने के निर्देश दिए। प्रतिनिधि मंडल में श्रीमती ईश्वरी बाई, श्रीमती अनिता, श्रीमती देवकी और श्री जयराम गोंड सहित अनेक ग्रामीण शामिल थे। स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि मंडल ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करके उन्हें स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। दुर्ग जिले के बेरला विकासखण्ड स्थित ग्राम भ्ािंभौरी से आये ग्रामीणों के प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करके उन्हें बताया कि ग्राम भिंभौरी में आस-पास के 35 गांवों के किसानों के आग्रह पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग की एक नवीन शाखा प्रारंभ की जा रही है। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को इस नवीन शाखा कार्यालय के उद्धाटन के लिए भिंभौरी आने का न्यौता दिया। प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस माह की 22 तारीख को आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम के साथ दस एकड़ में वृक्षारोपण और मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज धमधा राज के नव निर्मित सामुदायिक भवन के लोकार्पण का कार्यक्रम भी रखा गया है। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण के लिए धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

