बैसाखी पर मुख्यमंत्री की शुभकामनाएं
रायपुर, 13 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बैसाखी के अवसर पर सिख समाज सहित आम जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने आज यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि पंजाब की पवित्र माटी का यह त्यौहार खेतों में गेहूं की नयी फसल के पकने पर खुशियां प्रकट करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, वहीं यह पर्व हमें महान देशभक्त और सिखों के दसवें गुरू गोविन्द सिंह द्वारा खालसा पंथ की स्थापना के ऐतिहासिक प्रसंग की भी याद दिलाता है। यही वह यादगार दिन है, जिस दिन गुरू गोविन्द सिंह ने आनंदपुर साहिब में सन 1699 में खालसा पंथ की स्थापना की और जनता को हमेशा नेकी और सच्चाई के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में बैसाखी का दिन जलियांवाला बाग के सैकड़ों अमर शहीदों की भी याद दिलाता है। इस दिन अंग्रेज जनरल डायर ने तत्कालीन ब्रिटिश हुकूमत के रोलेट एक्ट के खिलाफ देश की आजादी के आंदोलन में एकत्रित हजारों लोगों पर गोलिया चलाई, जिससे सैकड़ों की संख्या में लोग भारत माता की मुक्ति के लिए शहीद हो गए। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बैसाखी पर्व की खुशियों के साथ हमें अपने वतन के लिए शहीद हुए आजादी के इन दीवानों को भी विनम्रता से याद करना चाहिए। इन महान शहीदों के बलिदान की बदौलत आज हम आजादी और लोकतंत्र की खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

