विशेष ट्रेन अग्रोहा एक्सप्रेस को हरी झण्डी दिखाने मुख्यमंत्री से अनुरोध
रायपुर 6 अगस्त 2010

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से कल रात यहां उनके निवास पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रतिनिधि मण्डल ने सौजन्य मुलाकात की। राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल के नेतृत्व में आये प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस महीने 13 अगस्त को प्रदेश के 1500 अग्रवाल बंधुओं का जत्था एक स्पेशल ट्रेन द्वारा राजस्थान, हरियाणा एवं उत्तरप्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थानों का आठ दिवसीय भ्रमण्ा करेगा। इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता की भावना को मजबूत बनाने के साथ-साथ, प्रदेश में सुख-शांति और समृध्दि के लिए यह यात्रा आयोजित की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से विशेष ट्रेन अग्रोहा एक्सप्रेस को हरी झण्डी दिखाने का अनुरोध किया। यह ट्रेन 13 अगस्त को रायपुर रेल्वे स्टेशन से व्हाया नागपुर होकर गंतव्य स्थानों के लिए रवाना होगी। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी है। प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ अग्रवाल सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री सियाराम अग्रवाल के अलावा सर्वश्री जयदेव सिंघल, कृष्णा अवतार अग्रवाल, मीनूलाल अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, मधु सांवरिया एवं विष्णु गोयल शामिल थे।

