छत्तीसगढ़ की अंजलि को चिल्ड्रन्स ब्रेवरी एवार्ड : मुख्यमंत्री ने बधाई दी
रायपुर, 14 अप्रैल 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल रात यहां अपने निवास पर दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) जिले के ग्राम नकुलनार की 14 वर्षीय बहादुर बालिका कुमारी अंजलि सिंह गौतम को आमंत्रित कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर
पुरस्कृत होने पर सम्मानित किया। उन्होंने अंजलि को बधाई और शुभकामनाएं दी। नक्सली हमले के दौरान अदम्य साहस का परिचय देने वाली कुमारी अंजलि सिंह गौतम को मुंबई में बिनानी फाउन्डेषन एवं आईबीएन 7 द्वारा चिल्ड्रन्स ब्रेवरी एवार्ड से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर अंजलि ने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। ज्ञातव्य है कि कंगोली जगदलपुर के सरस्वती शिशु मंदिर की कक्षा 9 वीं की छात्रा अंजलि ने 7 जुलाई 2010 को अपने घर पर हुए नक्सली हमले के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए नक्सलियों की गोली से घायल अपने छोटे भाई अभिजीत को बचाया था। अंजलि को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य शासन द्वारा भी वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। अंजलि को मुंबई में 12 अप्रैल को चिल्ड्रन्स ब्रेवरी एवार्ड के रुप में 51 हजार रुपए नगद, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अंजलि के पिता श्री अवधेश सिंह गौतम और माता श्रीमती पुष्पा सिंह भी उपस्थित थी।

