ग्राम सुराज अभियान और लोकसभा उप चुनाव के चलते राज्य कर्मचारी संघ ने आंदोलन स्थगित किया
मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मण्डल ने जानकारी दी
डॉ. सिंह ने फैसले के लिए कर्मचारी संघ को दिया धन्यवाद
रायपुर, 14 अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से कल रात यहां उनके निवास पर छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने महामंत्री श्री वीरेन्द्र नामदेव के नेतृत्व में मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इस माह की 19 तारीख से प्रारंभ हो रहे प्रदेशव्यापी ग्राम सुराज अभियान और बस्तर लोकसभा उप चुनाव को ध्यान में रखकर छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ द्वारा अपनी विभिन्न मांगों के संबंध में इस माह की 21 तारीख को राजधानी रायपुर में आयोजित प्रांतव्यापी रैली और आंदोलन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। ताकि जनहित के इन कार्यों के सुचारु संचालन में किसी प्रकार की रुकावट ना आने पाए। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों को धन्यवाद दिया। ज्ञातव्य है कि कर्मचारी संघ केन्द्र द्वारा देय तिथि से राज्य कर्मचारियों को मंहगाई भत्ता देने तथा डी.एन. तिवारी कमेटी की रिपोर्ट को लागू करने की मांग को लेकर माह जनवरी से आंदोलनरत हैं। प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को राज्य के कर्मचारियों के हित में चिकित्सा प्रतिपूर्ति नियम में परिर्वतन करने का आग्रह करते हुए उन्हें इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मण्डल में छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ की रायपुर जिला शाखा के अध्यक्ष श्री पूरन सिंह पटेल, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री बी.आर. रावत, सचिव श्री ए.के. चेलक और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के प्रदेश संयोजक श्री नागेन्द्र शामिल थे।

