मुख्यमंत्री ने सुनी आम जनता की समस्याएं
सहकारी समिति में धान खरीदी में गड़बड़ी की जांच के निर्देश
रायपुर, 14 अप्रैल 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर आम जनता से मुलाकात के साप्ताहिक कार्यक्रम जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये ग्रामीणों, जन प्रतिनिधियों और अनेक प्रतिनिधि मण्डलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करके उन्हें अपनी समस्याएं बतायी। मुख्यमंत्री को जनदर्शन के दौरान रायपुर जिले के कसडोल विकासखण्ड स्थित थरगांव से आये ग्रामीणों के प्रतिनिधि मण्डल ने ग्रामीण सेवा सहकारी समिति थरगांव में वर्ष 2010-11 में धान खरीदी में हुए घोटाले की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए मामले की जांच के निर्देश कलेक्टर रायपुर को दिये हैं। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के उमरखोही जोगीसार निवासी कुमारी समीरा पैकरा के आग्रह पर ग्राम ढ़ोड्रगापारा में दौ सौ मीटर सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण के लिए सरगुजा एवं उत्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण से तीन लाख रूपए की मंजूरी प्रदान की। रायपुर जिले के सिमगा विकासखण्ड के ग्राम चौरेंगा निवासी श्री मनमोहन ने मुख्यमंत्री को आवेदन सौप कर बताया कि 21 मार्च को आग लगने से उनका घर जल गया है, घर को काफी क्षति पहुंची है। श्री मनमोहन ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर रायपुर को इस प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। महासमुन्द जिले के ग्राम मुरकी से आए सफरा माता महिला स्व-सहायता समूह के प्रतिनिधि मण्डल ने नर्सरी तैयार करने के लिए सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर महासमुन्द को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
क्रमांक-232/सोलंकी

