बिजली चोरी रोकने अब केबल से होगी विद्युत आपूर्ति
एक हजार किलोमीटर केबल के लिए निविदा जल्द खुलेगी
मुख्यमंत्री ने की बिजली परियोजनाओं की समीक्षा
रायपुर, 19 अगस्त 2011

बिजली चोरी रोकने के लिए छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, भिलाई, रायगढ़ और कुछ अन्य प्रमुख शहरों में अब तक 280 किलोमीटर लम्बी केबल लाईने खींची जा चुकी है, जबकि आगामी दिनों में एक हजार किलोमीटर लम्बी केबल लाईन डालने के लिए प्रदेश सरकार की विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा निविदा आमंत्रित की जा चुकी है। यह जानकारी आज रात यहां मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में उनके निवास पर ऊर्जा विभाग और छत्तीसगढ़ पावर कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में दी गयी। मुख्यमंत्री ने बैठक में राज्य में निर्माणाधीन बिजली परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विद्युत कम्पनी की एक हजार मेगावाट की मड़वा ताप बिजली परियोजना और 500 मेगावाट की कोरबा-पश्चिम परियोजना का निर्माण समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने कोरबा से रायपुर तक 400 के.व्ही.ए. अति उच्च दाब की लाईन बिछाने और इसके लिए रायपुर के नजदीक ग्राम रायता में बनवाये जा रहे 400 के.व्ही. के विद्युत सब स्टेशन का निर्माण भी समय पर पूर्ण करने के लिए कहा। डॉ. सिंह ने बैठक में विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा विगत तीन वर्षो में वितरण क्षति (लाईन लॉस) कम करने के प्रयासों को मिली अच्छी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2009-10 में जहां लाईन लॉस 35.56 प्रतिशत था, वहीं पिछले वर्ष 2010-11 में यह कम होकर 31 प्रतिशत हो गया और चालू वर्ष 2011-12 में इसे और भी कम करते हुए 28 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य है। बैठक में मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन, वित्त विभाग के प्रमुख सचिव श्री अजय सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अमन कुमार सिंह और छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध संचालक श्री सुबोध कुमार सिंह सहित जनरेशन कम्पनी और ट्रांसमिशन कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

