मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के नव-नियुक्त अध्यक्ष की सौजन्य मुलाकात
रायपुर 30 अगस्त 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज शाम यहां उनके निवास पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के नव-नियुक्त अध्यक्ष प्रोफेसर प्रदीप कुमार जोशी ने सौजन्य मुलाकात की। श्री जोशी वर्तमान में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष है। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए डॉ. रमन सिंह को धन्यवाद दिया और कहा कि जिस विश्वास के साथ छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें इस नये राज्य में सेवा का अवसर दिया है, उस पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। श्री जोशी ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे मध्यप्रदेश में आयोग की मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित होने वाले हैं और कुछ अन्य साक्षात्कार आदि भी सम्पन्न होने की प्रक्रिया में हैं। इन सभी कार्यो को पूर्ण कराने के बाद वे आगामी करीब एक माह के भीतर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में पदभार ग्रहण कर लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने श्री जोशी का स्वागत करते हुए उम्मीद जतायी कि उनके अनुभवों का समुचित लाभ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को मिलेगा। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य में नौ नये जिलों के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। ये नये जिले जनवरी 2012 में अस्तित्व में आ जाएंगे। इन नये जिलों में प्रशासन को विभिन्न विभागों में सरकारी अधिकारियों के अनेक नये पदों की जरूरत होगी। राज्य सरकार की मंशा है कि लोक सेवा आयोग के माध्यम से यह कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य लोक सेवा आयोग की सम्पूर्ण कार्य प्रणाली को और भी ज्यादा बेहतर तथा और भी पारदर्शी बनाने की दिशा में हर संभव प्रयास कर रही है। इस कार्य में श्री जोशी के अनुभव काफी सहायक हाेंगे।

