प्रदेश में उद्यानिकी फसलों की खेती में आमदनी की भरपूर संभावनाएं : डॉ. रमन सिंह
रायपुर 15 अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में साग, सब्जियों और फलों की खेती में आमदनी और रोजगार की भरपूर संभावनाएं हैं। प्रदेश के आदिवासी बहुल पहाड़ी जिलों में मिर्च और मक्के की पैदावार लगातार बढ़ रही है। हमारे यहां अब नवीन प्रजाति के अमरूद की भी खेती हो रही है। चिल्फी घाटी में शहद प्रसंस्करण का कार्य हो रहा है।
उन्होंने आज यहां मंत्रालय में आयोजित बैठक में कहा कि प्रदेश के किसानों को उद्यानिकी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्हें इसके उत्पादन के लिए बाजार से भी जोड़ा जा रहा है। इस दिशा में कार्य आगे और भी तेजी से करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लघु वनोपजों और वनौषधियों के उत्पादन में भी बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल सकता है। बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष अर्नस्ट एण्ड यंग कम्पनी के अधिकारियों ने एक प्रस्तुतिकरण में बताया कि यह संस्था गुजरात सरकार द्वारा संचालित आजीविका प्रोत्साहन कम्पनी को भी ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अधिक से अधिक अवसर बढ़ाने के कार्यो में सहयोग दे रही है।
संस्था के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने गुजरात सरकार के साथ एक एम.ओ.यू. भी किया है। संस्था द्वारा कृषि, डेयरी, बायो-फ्यूल, खाद्य एवं कृषि उपज प्रसंस्करण, हाथ करघा और हस्तशिल्प सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण आर्थिक गतिविधियों में लोगों को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के व्यापक अवसर भी दिला रही है। इन गतिविधियों में प्रशिक्षण और बाजार के बीच एक बेहतर सम्पर्क विकसित करने की जरूरत है। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह, प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन, प्रमुख सचिव वित्त श्री अजय सिंह, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री विवेक ढांड, सचिव ऊर्जा श्री अमन कुमार सिंह और प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कम्पनी श्री सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

