श्रृंगि ऋषि गौशाला को छह लाख रूपए की सहायता : मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी
रायपुर 31 अगस्त 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य के धमतरी जिले के अन्तर्गत सिहावा क्षेत्र में स्थित श्रृंगि ऋषि गौशाला जीव रक्षा सेवा समिति को छह लाख रूपए की सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने इसमें से पांच लाख रूपए गौशाला में गायों के शेड निर्माण के लिए बस्तर एवं दक्षिण क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण से मंजूर की है। इसके साथ ही उन्होंने गौशाला के विकास के लिए एक लाख रूपए का स्वेच्छानुदान भी स्वीकृत किया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री से आज यहां उनके निवास पर श्रृंगि ऋषि गौशाला और जीव रक्षा समिति के अध्यक्ष श्री काशीराम साहू तथा सचिव श्री भानूराम साहू ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से गौशाला की गतिविधियों और जरूरतों के बारे में विचार-विमर्श किया। श्री साहू ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर गौशाला की सुरक्षा के लिए अहाता निर्माण, शेड निर्माण और चारा-भूंसा रखने के लिए कुट्टीगृह निर्माण के लिए अनुरोध किया। श्री साहू ने बताया कि गौशाला में फिलहाल 174 गाय-बैलों और बछड़ों की देख-भाल की जा रही है। करीब दस एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इस गौशाला का संचालन स्थानीय दानदाताओं के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री श्रृंगि ऋषि गौशाला जीव रक्षा समिति पण्डरीपानी को वर्ष 2009 में राज्य सरकार द्वारा श्री यति यतनलाल अहिंसा और गौरक्षा अलंकरण सम्मान से भी नवाजा गया है।
क्रमांक-2533/पटेल

