आज भी प्रासंगिक हैं महावीर स्वामी के विचार : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने महावीर जयंती पर जनता को शुभकामनाएं दी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि सत्य, अहिंसा, दया, करूणा और परोपकार आधारित भगवान महावीर स्वामी के प्रेरणादायक विचार हजारों वर्ष व्यतीत हो जाने के बावजूद आज भी प्रासंगिक हैं। इतना ही नहीं बल्कि आज भी देश और दुनिया को उनके इन विचारों से मानवता के कल्याण की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने महावीर जयंती के अवसर पर जैन समाज सहित आम जनता के नाम आज यहां जारी बधाई और शुभकामना संदेश में इस आशय के विचार व्यक्त किए। डॉ. सिंह ने कहा कि आज जबकि भारत सहित दुनिया के कई देशों में हिंसा और आतंकवाद की समस्या है, भारत में हिंसा पर आधारित नक्सलवाद लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है, तब ऐसे नाजुक समय में जैन तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के विचारों को अपनाकर हम सब अपने राष्ट्र और राज्य में शांतिपूर्ण विकास का एक बेहतर माहौल बना सकते हैं।

