शिक्षक राष्ट्र निर्माता होने के साथ-साथ युग निर्माता भी : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर शुभकामनाएं दी
रायपुर 04 सितम्बर 2010
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल पांच सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों सहित आम जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि हमारे देश के महान दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन की जयंती का यह महत्वपूर्ण अवसर हमें राष्ट्र और समाज के निर्माण में शिक्षकों की रचनात्मक भूमिका को याद करने और उन्हें सम्मानित करने का मौका देता है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित शिक्षक वास्तव में न केवल राष्ट्र निर्माता बल्कि युग निर्माता और भावी पीढ़ियों के भी निर्माता होते हैं। उन पर अपने देश के नौनिहालों के भविष्य निर्माण की महती जिम्मेदारी होती है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भारत का महान सांस्कृतिक इतिहास इस बात का साक्षी है कि प्राचीन समय में आदर्श शिक्षकों के कारण ही हमारे देश को दुनिया ने 'विश्व-गुरू' की सम्मानजनक पदवी से नवाजा था। डॉ. सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस जहां शिक्षकों के प्रति समाज और छात्र-छात्राओं के कर्तव्यों की याद दिलाता है, वहीं यह दिन हमारे शिक्षकों के लिए भी समाज और विद्यार्थियों के प्रति अपने कर्तव्यों के बारे में आत्म चिन्तन का एक महत्वपूर्ण दिन होता है। डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से नवाजे जा रहे सभी शिक्षकों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई दी है।

