अंतिम व्यक्ति और अंतिम गांव तक पहुंचे योजनाओं का संदेश : डॉ. रमन सिंह
जनसम्पर्क अधिकारियों की राज्य स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा
रायपुर, 13 अक्टूबर 2010

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि आम जनता के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं की सार्थकता इसी में है कि इन योजनाओं का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति और राज्य के अंतिम गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। डॉ. सिंह ने कहा कि इस कार्य में जनसम्पर्क अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। नक्सल आतंक से लड़ते हुए भी छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। विकास के हर क्षेत्र में राज्य ने विगत दस वर्ष में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और विश्वसनीयता कायम की है। मुख्यमंत्री ने आज यहां मंत्रालय में जनसम्पर्क संचालनालय और जिला जनसम्पर्क कार्यालयों के अधिकारियों की राज्य स्तरीय बैठक में इस आशय की विचार व्यक्त किए। डॉ. सिंह ने राज्योत्सव-2010 की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित इस विशेष बैठक में जनसम्पर्क अधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए। विभाग के प्रमुख सचिव श्री एन. बैजेन्द्र कुमार और संचालक जनसम्पर्क श्री उमेश द्विवेदी ने बैठक में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। श्री बैजेन्द्र कुमार ने मुख्यमंत्री को बैठक के उद्देश्यों की जानकारी दी और राज्योत्सव की अब तक की विभागीय तैयारियों के बारे में बताया।
डॉ. रमन सिंह ने जनसम्पर्क अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अगले कुछ दिनों में अपनी स्थापना के दस पूर्ण करने जा रहा है। विगत एक दशक में राज्य में समाज के सभी जरूरतमंद लोगों, शहरों और गांवों के विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की गयी है। इन योजनाओं का सकारात्मक असर हुआ है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक आमदनी में तिगुने से भी ज्यादा वृध्दि रिकार्ड की गयी है। उन्होंने कहा कि दस साल पहले हम कहां थे और आज कहां खड़े हैं, आगामी राज्योत्सव-2010 में राज्य की विकास यात्रा की यह तुलनात्मक तस्वीर जनसम्पर्क विभाग की प्रदर्शनियों और विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले प्रकाशनों में इसकी स्पष्ट झलक जनता को मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस बार के राज्योत्सव को 'विश्वसनीय छत्तीसगढ़' और 'विकास का दशक' पर केन्द्रित किया है। जनता में अपने राज्य और स्वयं के विकास को लेकर आस्था और विश्वास की भावना जाग्रत करना हमारा मुख्य लक्ष्य होना चाहिए। जनसंपर्क विभाग के मैदानी अधिकारी समाचार माध्यमों के सहयोग से और अपने प्रस्तुतिकरण से यह कार्य बखूबी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दस साल में राज्य में यह पहली बार हुआ है कि 34 लाख से भी अधिक गरीब परिवारों को सिर्फ एक रूपए और दो रूपए किलो में चावल और नि:शुल्क नमक दिया जा रहा है। खेती के लिए किसानों को सिर्फ तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर ऋण सुविधा मिली है। हृदय रोग से पीड़ित नन्हें बच्चों के नि:शुल्क आपरेशन के लिए बाल हृदय सुरक्षा योजना शुरू की गयी है। दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों के लिए अनुकम्पा नियुक्ति का प्रावधान किया गया है। कृषि, सिंचाई, शिक्षा, अधोसंरचना विकास और ग्रामीण विद्युतीकरण के अनेक कार्य हर जिले में तेजी से चल रहे हैं। रोजगार के व्यापक अवसर विकसित हुए हैं। केन्द्रीय सांख्यिकी संगठन की रिपोर्ट के अनुसार पिछले वर्ष 2009-10 में छत्तीसगढ ने सकल घरेलू उत्पाद वृध्दि (जी.डी.पी.) में 11.49 प्रतिशत के साथ पूरे देश में पहल स्थान हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के जीवन में इन योजनाओं का व्यापक और सकारात्मक असर हुआ है, लोगों के जीवन स्तर में बदलाव आया है, जिसे जनसम्पर्क विभाग के मैदानी अधिकारी कल्पनाशीलता और सूझ-बूझ के साथ अपने दिन प्रतिदिन के समाचारों के माध्यम से समाज के सामने बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश के हर जिले में स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों के अनुरूप भी कई योजनाएं चल रही हैं। हर जिले में विकास के कुछ न कुछ नवीन और उत्साहजनक कार्य हो रहे हैं। जनसम्पर्क विभाग के मैदानी अधिकारी ऐसी योजनाओं को भी प्रचार-प्रसार का हिस्सा बनाएं तो सभी जिलों के लोगों को एक दूसरे के जिले की विकास गतिविधियों की जानकारी मिल सकती है। विभाग के प्रमुख सचिव श्री एन. बैजेन्द्र कुमार ने मुख्यमंत्री को बैठक में बताया कि राज्योत्सव-2010 में जहां राजधानी रायपुर में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में जनसम्पर्क संचालनालय अपनी छायाचित्र प्रदर्शनी लगाएगा, वहीं सभी जिला मुख्यालयों में जिला जनसम्पर्क कार्यालयों के द्वारा भी जिला प्रशासन की प्रदर्शनी के साथ अपनी प्रदर्शनी लगायी जाएगी। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। विभिन्न प्रकाशनों की भी तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भावनाओं के अनुरूप विभाग छत्तीसगढ़ के दस वर्ष की विकास यात्रा को राज्योत्सव में प्रमुखता से प्रदर्शित करेगा। संचालक जनसम्पर्क श्री उमेश द्विवेदी ने आभार व्यक्त किया। बैठक में जनसम्पर्क संचालनालय सहित राज्य के सभी जिलों के जिला जनसंपर्क कार्यालयों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।

