मुख्यमंत्री ने किया सहकार भारती स्मारिका का विमोचन
रायपुर 20 अप्रैल, 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल रात यहां अपने निवास पर सहकारिता के क्षेत्र में कार्यरत संस्था 'सहकार भारती' के प्रथम प्रांतीय अधिवेशन 2011 की स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 'बिन सहकार नहीं उध्दार' को मूलमंत्र मानकर यह संस्था कार्य कर रही है। सहकारिता के माध्यम से छोटी पूंजी लगाकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आगे बढ़ाने में इस संस्था की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। इसके अलावा कृषि के साथ-साथ लघु वनोपज आधारित छोटी-छोटी इकाईयों की स्थापना और उनके विस्तार में सहयोग प्रदान कर रही है। ज्ञातव्य है कि सहकार भारती सहकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वाली अग्रणी संस्था है। संस्था का प्रथम प्रंतीय अधिवेशन राजधानी रायपुर में जनवरी 2011 के प्रथम सप्ताह में आयोजित हुआ था। इसी अवसर पर एक स्मारिका प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया था।
इस अवसर पर सहकार भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्योतिन्द्र भाई मेहता ने कहा कि सहकारिता से समाज में शांति आती है। इससे मध्यम वर्गीय परिवार जुड़ा होता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि गुजरात की सहकारी सोसायटी किसानों को सात फीसदी ब्याज पर ऋण देती है, जबकि छत्तीसगढ़ सरकार तीन प्रतिशत ब्याज पर ऋण दे रही है। विमोचन के दौरान राज्य भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के प्रांत सरसंघ चालक श्री बिसराराम यादव के अलावा सर्वश्री सुधाकर राव कोंडापुरकर, कनीराम नंदेश्वर, दानसिंह देवांगन, लक्ष्मीकांत द्विवेदी सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

