मुख्यमंत्री से ग्रामीणों के प्रतिनिधि मण्डल ने मुलाकात की
नहर निर्माण के लिए तकनीकी सर्वे कराने का आष्वासन

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से कल रात यहां उनके निवास पर संसदीय सचिव श्री कोमल जंघेल के नेतृत्व में राजनांदगांव और कबीरधाम जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीणों के प्रतिनिधि मण्डल ने मुलाकात की। प्रतिनिधि मण्डल ने राजनांदगांव जिले के छुईखदान विकासखण्ड में कर्रानाला बैराज से ग्राम खाम्ही-रैंदा होते हुए सेतवा तक नहर निर्माण कराने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया। प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस नहर के बनने से आस-पास के लगभग ग्यारह गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने इस नहर के निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग से सर्वे कराने का आष्वासन दिया। प्रतिनिधि मण्डल में ग्राम पंचायत कोड़ा के सरपंच श्री सुखदेव राम पटेल सहित सर्वश्री कोसनसिंह ठाकुर, अघनलाल साहू, श्यामलाल यादव और नन्हें साहू शामिल थे।

