मुख्यमंत्री ने दी राज्योत्सव की शुभकामनाएं
रायपुर, 25 अक्टूबर 2010
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल 26 अक्टूबर से शुरू हो रहे राज्योत्सव-2010 के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. सिंह ने इस मौके पर सभी लोगों के लिए सुख-समृध्दि की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि राजधानी रायपुर के शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के मैदान में राज्योत्सव-2010 कल 26 तारीख से शुरू होकर एक नवम्बर तक चलेगा, जबकि इस बीच जिलों में तीन के कार्यक्रम 30 अक्टूबर से एक नवम्बर तक चलेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों से छत्तीसगढ़ की स्वस्थ और शालीन परम्परा के अनुरूप राज्योत्सव के कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग की भी अपील की है। डॉ. सिंह ने आज यहां जारी शुभकामना संदेश में कहा है कि नया छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना के दस वर्ष आगामी एक नवम्बर को पूर्ण कर विकास यात्रा के ग्यारहवें साल में प्रवेश करने जा रहा है। यह हम सबके लिए एक ऐतिहासिक अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण के विगत दस वर्षो के समय को हम विकास का दशक कह सकते हैं। इस दौरान छत्तीसगढ़ ने भारत के तेजी से विकसित होते राज्य के रूप में अपनी पहचान और विश्वसनीयता बनायी है। प्रदेश सरकार ने इस बीच किसानों, मजदूरों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गो के जीवन में खुशहाली लाने के लिए सिंचाई, बिजली, पानी, सड़क जैसी अधोसंरचना विकास और स्कूल, कॉलेज, स्वरोजगार प्रशिक्षण आदि हर प्रकार की सुविधाओं के विकास के हर संभव उपाय किए हैं।
गरीबों को सिर्फ एक रूपए और दो रूपए किलो में हर महीने 35 किलो चावल और दो किलो नि:शुल्क नमक की सुविधा देकर उन्हें भोजन के अधिकार की गारंटी दी गयी है। किसानों को सिर्फ तीन प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋणों की सुविधा देकर उनमें खेती के लिए नये उत्साह का संचार किया गया है। समर्थन मूल्य नीति के तहत धान खरीदी की सर्वोत्तम व्यवस्था की गयी है। बस्तर और सरगुजा जैसे आदिवासी बहुल इलाकों के लिए दो विशेष प्राधिकरण गठित किए गए हैं अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के लिए भी विकास प्राधिकरण बनाया गया है। डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी विकास यात्रा के ग्यारहवें साल में भी प्रगति की इस तेज रफ्तार को कायम रखेगा और आम जनता के सहयोग से विकास की नयी बुलंदियों तक पहुंचेगा।

