चारागाह जमीन में अवैध कब्जा की शिकायत:मुख्यमंत्री ने दिए कलेक्टर को जांच के निर्देष
डॉ. रमन सिंह ने सुनी आम जनता की समस्याएं
रायपुर, 28 अक्टूबर 2010

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर आम-जनता से मुलाकात के साप्ताहिक कार्यक्रम 'जनदर्शन' में लोगों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और अनेक प्रतिनिधि मंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्याएं बतायी। ग्रामीणों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने अनेक निर्माण कार्यों की स्वीकृति भी प्रदान की। जनदर्शन में इलाज के लिए सहायता मांगने आए 22 जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क इलाज के लिए राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल भेजा गया। इस अवसर पर संसदीय सचिव द्वय डॉ. सियाराम साहू एवं श्री कोमल जंघेल तथा राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी भी उपस्थित थे।
इस मौके पर रायपुर जिले के ग्राम पंचायत बैहार (विकासखंड-आरंग) से आए ग्राम विकास जनसेवा समिति के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर सामूहिक चारागाह की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर तार का घेरा डालकर कब्जा करने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रायपुर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राजनांदगांव जिले के ग्राम चिचोला (विकासखंड छुरिया) से आए श्री चन्द्रिका कुमार डडसेना ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत चिचोला-छुरिया मुख्य मार्ग से ग्राम बापूटोला पहुंच मार्ग जिसकी स्वीकृति एक किलोमीटर है, उसके स्थान पर मात्र 925 मीटर ही सड़क निर्माण्ा किए जाने की शिकायत की। उन्होंने अपने शिकायत में दोषी अधिकारी एवं संबंधित ठेकेदार पर आवश्यक कार्रवाई करने अनुरोध किया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनका आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने रायपुर जिले के ग्राम पंचायत मुड़पार (जनपद पंचायत-पलारी) के सरपंच श्री अशोक साहू के अनुरोध पर गली कांक्रीटीकरण के लिए दो लाख रूपए, रायगढ़ जिले के ग्राम - कपरतुंगा (जनपद पंचायत सारंगढ़) में ग्रामीणों के अनुरोध पर गली कांक्रीटीकरण के लिए तीन लाख रूपए की तत्काल मंजूरी दी।
कबीरधाम जिले के ग्राम घुघरीकला निवासी श्री पिताम्बर साहू के नेतृत्व में आए प्रतिनिधि मंडल ने साहू समाज के सामुदायिक भवन के लिए आवश्यक धनराशि मंजूर करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय लोकसभा सांसद की ओर से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। जिला पंचायत दुर्ग की सदस्य श्रीमती संध्या परगनिहा ने जनपद पंचायत बेरला के ग्राम खुड़मुड़ा में मंगलभवन निर्माण की मांग रखी। डॉ. सिंह ने इस संबंध में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत चारभाठा (जनपद पंचायत-सरायपाली) की सरपंच श्रीमती आद्रावती नायक ने हायर सेकेण्डरी स्कूल के आहता निर्माण की मांग रखी। उनका पत्र परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को भेजा गया है। सरगुजा जिले के लखनपुर निवासी श्री सिध्देश्वर सिंह ने ग्राम अरगोती-करईछापर से मादी महुंआमार्ग में चिया नाला में पुलिया निर्माण्ा का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर सरगुजा को इसके परीक्षण के निर्देश दिए। छत्तीसगढ़ संविदा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष श्री योगेश शर्मा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधि मंडल ने संविदा आयुर्वेद डॉक्टरों को दोबारा सेवा में रखने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने सौंपे गए आवेदन को स्वास्थ्य मंत्री को इसके परीक्षण करने के निर्देश दिए।

