कृषि और किसान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. रमन सिंह
ब्रिटेन के हाउस ऑफ लार्डस की नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य मुलाकात
छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा महत्वपूर्ण : सुश्री रॉयल
रायपुर 28 मई 2011

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज सवेरे यहां उनके निवास पर ब्रिटेन के हाउस ऑफ लार्डस की नेता प्रतिपक्ष सुश्री बैरोनेस केनेट रॉयल ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने नये छत्तीसगढ़ राज्य के दस वर्षों की विकास यात्रा को काफी महत्वपूर्ण बताया। डॉ. रमन सिंह ने उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होनें सुश्री बैरोनेस केनेट रॉयल को छत्तीसगढ़ की एक दशक की विकास यात्रा पर केन्द्रित पुस्तक 'दस साल : दस शिखर' और अंग्रजी में प्रकाशित पुस्तिकाओं सहित राज्य के लोक शिल्पकारों द्वारा निर्मित कलाकृति भेटकर अपनी शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने सुश्री बैरोनेस केनेट रॉयल को अपने कम्प्यूटर
स्क्रीन पर छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि छत्तीसगढ़ विद्युत उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। यह देश का पहला विद्युत कटौती मुक्त राज्य बन गया है। हमारे यहां ताप विद्युत के अलावा जल विद्युत, सौर ऊर्जा और धान की भूसी से भी बिजली पैदा की जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कृषि और किसानों की बेहतरी छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। यह देश का प्रमुख धान उत्पादक राज्य है। हम अपने किसानो को मात्र तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर खेती के लिए ऋण दे रहे हैं। डॉ. सिंह ने उन्हें कृषि, सिंचाई, बिजली, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और प्रदेश के औद्योगिक विकास की भी विभिन्न उपलब्घियों की जानकारी दी।
सुश्री बैरोनेस केनेट रॉयल ने राज्य वितरण प्रणाली में लाखों गरीब परिवारों के लिए कम से कम दो वक्त के भरपेट भोजन और खाद्यान्न सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होने की जानकारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में ब्रिटेन के सहयोग की संभावनाओं पर भी मुख्यमंत्री से विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राजधानी रायपुर में ब्रिटिश काउंसिल के पुस्तकालय की स्थापना का भी सुझाव दिया। उन्होंने सुश्री बैरोनेस केनेट रॉयल को छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। डॉ. सिंह ने उन्हें राजधानी रायपुर के नजदीक ग्राम परसदा में लगभग एक सौ करोड़ रूपए की लागत से निर्मित अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित नया रायपुर परियोजना में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि राजधानी रायपुर का विस्तार करते हुए नया रायपुर को पर्यावरण हितैषी हरित शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। निकट भविष्य में बहुत जल्द वहां राज्य सरकार का प्रशासनिक मुख्यालय वर्तमान शहर से स्थानातंरित हो जाएगा। डॉ. रमन सिंह ने उन्हें सार्वजनिक वितरण् प्रणाली के तहत प्रदेश के लगभग 34 लाख गरीब परिवारों को हर महीने मात्र एक रूपए और दो रूपए किलो में दिए जा रहे 35 किलो अनाज और दो किलो नि:शुल्क आयोडिन नमक वितरण की योजना, हृदय रोग पीड़ित बच्चों के लिए संचालित बाल हृदय सुरक्षा योजना और सामाजिक क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। डॉ. रमन सिंह ने उन्हें यह भी बताया कि आंगनबाड़ी सेवाओं में कसावट लाने के फलस्वरूप राज्य में माताओं और बच्चों में कुपोषण की दर भी लगातार कम होती जा रही है।
उन्होंने सुश्री बैरोनेस केनेट रॉयल को प्रदेश में बायोडीजल के लिए रतनजोत की खेती को बढ़ावा देने के लिए चल रहे कार्यों के बारे में भी बताया। मुख्यमंत्री से सुश्री बैरोनेस केनेट रॉयल की सौजन्य मुलाकात के दौरान प्रदेश के उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री हेमचन्द यादव, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अमन कुमार सिंह, संचालक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री सोनमणि बोरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

