मुख्यमंत्री ने जनता को भारतीय नववर्ष और चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दी
रायपुर, 3 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2068 के आगमन और चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर आम जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने वर्ष प्रतिपदा और चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि तीज-त्यौहारों की समृध्द परम्परा और सामाजिक समरसता पर आधारित हमारी राष्ट्रीय संस्कृति में चैत्र नवरात्रि का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यह हमारे हजारों वर्ष पुराने भारतीय समाज में शक्ति की देवी मां दुर्गा के नौ विभिन्न स्वरूपों में वास्तव में नारी शक्ति की उपासना का एक महान और पवित्र अनुष्ठान है। इससे यह भी प्रमाणित होता है कि हमारे देश में नारी शक्ति अथवा महिला सशक्तिकरण की भावना के अनुरूप महिलाओं को हमेशा अत्यंत सम्मानजनक स्थान प्राप्त है। डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी, रतनपुर स्थित मां महामाया और चन्द्रपुर स्थित मां चन्द्रहासिनी के मंदिरों सहित विभिन्न शक्तिपीठों और आस्था केन्द्रों में पूजा अर्चना के लिए हजारों की संख्या में आने वाले भक्तों का अभिनंदन किया है। डॉ. सिंह ने मां दुर्गा से छत्तीसगढ़ सहित सम्पूर्ण राष्ट्र की तरक्की व खुशहाली और जनता के लिए सुख-समृध्दि की कामना की है।

