टीम इंडिया ने बढ़ाया देश का गौरव : डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री ने दी बधाई
रायपुर, 3 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मुम्बई में आयोजित भारत-श्रीलंका फायनल मैच में भारतीय क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने आज यहां जारी संदेश में कहा है कि 28 वर्षो बाद विश्व-कप हासिल कर टीम इंडिया ने एक बार फिर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। इस शानदार उपलब्धि से सम्पूर्ण राष्ट्र रोमांचित है। टीम इंडिया ने इस मैच में बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया। डॉ. रमन सिंह ने इस महान सफलता के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और उनकी टीम के सभी खिलाड़ियों को अपनी ओर से और छत्तीसगढ़ की दो करोड़ 55 लाख जनता की ओर से बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी है कि आगे भी भारतीय क्रिकेट टीम के हमारे युवा खिलाड़ी अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के जरिए कामयाबी की नई बुलंदियों तक पहुंचकर देश का नाम रौशन करते रहेंगे।

