छत्तीसगढ़ ओलंपिक का आगाज : मुख्यमंत्री द्वारा कवर्धा में फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ
रायपुर, 14 नवंबर 2010

मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह ने आज कबीरधाम जिले के मुख्यालय कवर्धा में राज्य स्थापना की दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किए जा रहे छत्तीसगढ़ ओलंपिक के अंतर्गत फुटबाल प्रतियोगिता का सरदार पटेल मैदान में शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होने फुटबाल खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और करपात्री इलेवन तथा फुटबाल संघ के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने फुटबाल पर ऑटोग्राफ देकर छत्तीसगढ़ ओलंपिक के जिला स्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दी। छत्तीसगढ़ ओलंपिक के इस फुटबाल टूर्नामेंट में जिले की 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस अवसर पर श्री आनंद सिंह, डॉ. ए.के.श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य श्री रघुराज सिंह, श्री जसविंदर बग्गा और फुटबाल संघ के अध्यक्ष श्री राजेश जोशी भी उपस्थित थे। प्रतियोगिता का उद्धाटन मैच करपात्री इलेवन और फुटबाल संघ के मध्य खेला गया, जिसमें फुटबाल संघ ने करपात्री इलेवन को 4-1 से हराया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने प्रवास के दौरान सहसपुर लोहारा मार्ग मे हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कारर्पोरेशन लिमिटेड के स्वपन रिटेल आऊटलेट का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री अपने स्थानीय निवास स्थान भी गये। वहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रबुध्द नागरिकों से संक्षिप्त मुलाकात भी की।

