खेल-प्रतिभाओं का हौसला बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने किया शालेय फुटबाल प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण
रायपुर, 15 नवम्बर 2010
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खेलों की दुनिया में उनका हौसला बढ़ाना और उन्हें आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री आज उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले के अन्तागढ़ में समाज सेवी संस्था 'उत्कर्ष विकास सेवा समिति द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता में विजेता सेन्ट माइकल स्कूल गोविन्दपुर (कांकेर) को दस हजार रूपए और उप विजेता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरहरपुर को पांच हजार रूपए का पुरस्कार प्रदान किया।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज राज्य के खिलाडी हर खेल में अपना बेहतर प्रदर्शन कर रहे है। बस्तर और सरगुजा जैसे आदिवासी क्षेत्रों के बच्चे भी खेल प्रतियोगिताओं में एक से बढ़कर एक शानदार कीर्तिमान रचने का हौसला रखते हैं। इन बच्चों में किसी भी बड़ी खेल प्रतियोगिता में राज्य को स्वर्ण पदक दिलाने की भी क्षमता है। उनकी प्रतिभा और क्षमता को निखारना जरूरी है। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य निर्माण के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस माह राज्य के हर जिले में मिनी ओलम्पिक और अगले माह राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ ओलम्पिक आयोजित करने का निर्णय लिया है। जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं शुरू भी हो गयी हैं।
डॉ. सिंह ने अन्तागढ़ में आयोजित इस फुटबाल प्रतियोगिता के आयोजन की प्रशंसा करते हुए इसमें सहयोग के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र के प्रतिभावान स्कूली बच्चों को खेल की दुनिया में आगे बढ़ने का मौका और हौसला मिलेगा। ऐसे प्रयासों से इन प्रतिभाओं को तराशने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा और लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, वन मंत्री और उत्तर बस्तर जिले के प्रभारी श्री विक्रम उसेण्डी, क्षेत्र के लोकसभा सांसद श्री सोहन पोटाई, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री देवलाल दुग्गा, विधायक कांकेर श्रीमती सुमित्रा मारकोले, विधायक भानुप्रतापपुर श्री ब्रम्हानंद नेताम, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष श्री महावीर सिंह राठौर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री शिरो कोमरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे। डॉ. रमन सिंह ने इस मौके पर मुख्यमंत्री स्वस्थ पंचायत योजना के तहत ग्राम पंचायत कोदागांव और नगर पंचायत अन्तागढ़ को स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रोत्साहन राशि प्रदान कर बधाई दी।

