राष्ट्रीय सब-जूनियर बालक कबड्डी में छत्तीसगढ़ को रजत पदक:मुख्यमंत्री से टीम के खिलाड़ियों ने सौजन्य मुलाकात की
डॉ. रमन सिंह ने दी बधाई
रायपुर 16 नवम्बर 2010
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज शाम यहां उनके निवास पर जम्मू कश्मीर में आयोजित बाईसवीं राष्ट्रीय सब-जूनियर कबड्डी चैम्पियनशिप में रजत पदक हासिल कर पहुंची छत्तीसगढ़ की जूनियर कबड्डी टीम के खिलाड़ियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम को इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में उप-विजेता घोषित होने और रजत पदक प्राप्त करने पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के बालक कबड्डी टीम ने अपने पूल में विदर्भ (महाराष्ट्र), हैदराबाद (आन्ध्रप्रदेश), पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की टीम को हराने के बाद क्वार्टर फायनल में दिल्ली को और सेमीफायनल में गुजरात को पराजित कर पहली बार फायनल में प्रवेश किया, जहां उसने महाराष्ट्र के हाथों अंतिम दो मिनट में पराजित होकर उप-विजेता का खिताब हासिल किया। छत्तीसगढ़ की टीम का नेतृत्व कप्तान के रूप में बिलासपुर के श्री मनोज यादव ने किया।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की टीम का प्रदर्शन निश्चित रूप से काफी सराहनीय और शानदार रहा। उन्होंने कहा कि हमारे उभरते हुए कबड्डी के ये राष्ट्रीय खिलाड़ी आने वाले समय में और भी बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य को विजेता का खिताब दिलाने में कामयाब होंगे। हम सबकी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के प्रतिनिधियों सहित जम्मू कश्मीर से लौटे कबड्डी खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष, राजनांदगांव निवासी श्री अशोक चौधरी, महासचिव, रायपुर निवासी श्री रामविशाल साहू सहित सचिव श्री बसंत अंचल, रेफरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर यादव और कोच श्री प्रदीप यादव, बुधेश्वरी साहू, नरेन्द्र चौहान तथा अन्य अनेक सदस्य उपस्थित थे। बालिकाओं की टीम ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

