किसान के आमंत्रण पर उन्नत खेती देखने गए मुख्यमंत्री
रायपुर 22 अप्रैल, 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज ग्राम सुराज अभियान के दौरान महासमुन्द जिले के ग्राम भूकेल में राज्य के प्रसिध्द प्रगतिशील कृषक श्री चमार सिंह पटेल के खेतों का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि श्री पटेल ने कुछ समय पहले रायपुर आकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर भूकेल के अपने उन्नत कृषि प्रक्षेत्र को देखने के लिए आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री ने भी उनसे वायदा किया था कि जब कभी उन्हें भूकेल आने का मौका मिलेगा, वे उनके खेतों को देखने जरूर जाएंगे। डॉ. रमन सिंह को आज कृषक सम्मेलन में भूकेल आने का अवसर मिला और उन्होंने सहज-सरल स्वभाव के कृषक श्री पटेल से किया गया अपना यह वादा उनके खेतों में जाकर निभाया। मुख्यमंत्री को अपने खेतों में घूमते देख श्री पटेल भाव-विभोर हो गए।
कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू, स्कूल शिक्षा और लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, लोकसभा सांसद श्री चन्दूलाल साहू, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल और कई वरिष्ठ नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के साथ श्री पटेल के खेतों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने श्री पटेल की इस उन्नत खेती को छत्तीसगढ़ के अन्य किसानों के लिए भी एक रोल मॉडल बताया। उन्होंने इसके लिए श्री पटेल को बधाई और शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि श्री चमार सिंह पटेल वहां अपने साढ़े सात एकड़ के रकबे में धान, गेहूं, पपीता, मिर्च आदि विभिन्न प्रकार की फसलों की बारहमासी खेती कर रहे हैं। उन्होंने खेती के आधुनिक संसाधनों को अपनाकर उन्नत कृषि का एक मॉडल खड़ा किया है। उन्होंने इस प्रक्षेत्र में तेजी से बढ़ने वाले सागौन के पौधे लगाए हैं। ये पौधे मात्र छह महीने में 15 से 20 फीट ऊंचाई तक पहुंच गए हैं। सागौन के इस प्लांटेशन के भीतर उन्होंने पपीते के भी पौधे काफी संख्या में लगाए हैं। श्री पटेल ने रतनजोत की खेती में भी काफी नाम कमाया है।

