नया रायपुर को राष्ट्रीय स्तर का पर्यावरण पुरस्कार : मुख्यमंत्री ने दी बधाई
रायपुर 23 नवम्बर 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नया रायपुर क्षेत्र विकास प्राधिकरण और यहां मंत्रालय भवन के निर्माण कार्यों के लिए अनुबंधित निजी क्षेत्र की कम्पनी आई.व्ही.आर.सी.एल. को संयुक्त रूप से राष्ट्रीय स्तर का पर्यावरण
पुरस्कार मिलने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री को आज सवेरे यहां नया रायपुर में निर्माणाधीन मंत्रालय भवन के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि पर्यावरण के क्षेत्र में सक्रिय दिल्ली की ग्रीनटेक फाउंडेशन द्वारा भवन निर्माण में पर्यावरण हितैषी तकनीक का उपयोग करने के लिए एनवायरमेंट एक्सीलैंस एवार्ड दिया गया है। नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस.एस. बजाज ने श्रीनगर में 19 अक्टूबर 2011 को आयोजित समारोह में निर्माण कम्पनी के प्रतिनिधि के साथ यह पुरस्कार ग्रहण किया। नगरीय प्रशासन आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत, मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन, प्रमुख सचिव आवास एवं पर्यावरण श्री एन. बैजेन्द्र कुमार, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अमन कुमार सिंह और नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस.एस. बजाज सहित सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारी और मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।

