किसानों को धान का समर्थन मूल्य देने वाला इकलौता राज्य छत्तीसगढ़ : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री से मिलने जनदर्शन में उमड़ा जन सैलाब
परम्परागत परिधान में लोक नर्तक भी मिलने आए
जय मां लक्ष्मी महिला समूह ने भेंट किया लक्ष्मी जी का चित्र
रायपुर, 24 नवम्बर 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर आम जनता के मुलाकात के साप्ताहिक कार्यक्रम 'जनदर्शन' में कहा कि छत्तीसगढ़ देश का अकेला ऐसा राज्य है, जो अपने मेहनतकश किसानों को उनकी मेहनत का वाजिब मूल्य दिलाने के लिए उनसे समर्थन मूल्य नीति के तहत धान खरीद रहा है। इस साल 55 लाख मीटरिक टन धान खरीदने का लक्ष्य है। डॉ. सिंह ने कहा कि इस वर्ष भी राज्य की सहकारी समितियों में खरीफ के धान की खरीदी के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने किसानों इसका लाभ उठाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र से आए फुलझर किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा के दौरान यह बात कही। किसानों ने भी मुख्यमंत्री के विचारों से अपनी सहमति जताई और कहा कि धान का समर्थन मूल्य प्राप्त होने पर छत्तीसगढ़ के किसानों में काफी प्रसन्नता देखी जा रही है। हम सब इसके लिए आपके और राज्य सरकार के आभारी है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मंडल को किसानों की विभिन्न समस्याओं के बारे में गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। डॉ. रमन सिंह ने जनदर्शन में राजधानी रायपुर सहित राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों, ग्रामीणों, श्रमिकों, छात्र-छात्राओं और
आम नागरिकों से मुलाकात की। डॉ. सिंह ने उनके ज्ञापनों और आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
डॉ. रमन सिंह से महासमुंद जिले के ग्राम लभरा खुर्द के जय मां लक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने भी मुलाकात की। उन्होंने डॉ. रमन सिंह को देवी लक्ष्मी का चित्र भेंट कर दोनपत्तल व्यवसाय के लिए मदद का आग्रह किया। डॉ. सिंह ने उनके आवेदन पर स्वेच्छानुदान मद से दस हजार रूपए तत्काल मंजूर कर दिए। कबीरधाम जिले के ग्राम नेवारी से आए कर्मा लोक नर्तक दल के सदस्यों ने अपने परम्परागत परिधान में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। श्रीकृष्ण डंडा पार्टी के इन लोक नर्तकों ने मुख्यमंत्री को नेवारी में नल-जल योजना के लिए साढ़े छह लाख रूपए की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने लोक नर्तक दल के वाद्य यंत्रों के लिए मदद मांगी। डॉ. सिंह ने उन्हें स्वेच्छानुदान से बीस हजार रूपए की स्वीकृति तुरंत प्रदान कर दी।
रायपुर होम्योपैथिक एवं बायोकेमिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय रामकुंड मोहल्ले में एसोसिएशन द्वारा संचालित लगभग 55 वर्ष पुराने रायपुर होम्योपैथिक कॉलेज एवं चिकित्सालय के प्राध्यापकों और डॉक्टरों के लिए शासकीय वेतनमान की जरूरत बताई और कहा कि इसके लिए संस्था को शासकीय अनुदान की जरूरत है। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि यह होम्योपैथिक कॉलेज रायपुर में वर्ष 1956 से केवल छात्र-छात्राओं से मिलने वाले शैक्षणिक शुल्क के आधार पर चल रहा है। अब तक एसोसिएशन ने इसके संचालन के लिए कोई अनुदान प्राप्त नहीं किया है, लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण अब अनुदान की जरूरत महसूस हो रही है। मुख्यमंत्री ने उनके ज्ञापन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि वह इसके लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री से चर्चा करेंगे। डॉ. सिंह ने उनका ज्ञापन स्वास्थ्य मंत्री को भिजवाया।
मुख्यमंत्री से आज के जनदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल ने भी अपनी समस्याओं के संबंध में मुलाकात की। डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी ताप बिजली परियोजना कोरबा (पूर्व) के राखड़ बांध से प्रभावित भू-विस्थापित परिवारों के 16 सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मिलकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी में नौकरी दिलाने का अनुरोध किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके आवेदन कलेक्टर कोरबा द्वारा कम्पनी को अग्रेषित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग के सचिव को इस प्रकरण का त्वरित परीक्षण करने के निर्देश जारी किए। डॉ. रमन सिंह ने दुर्ग जिले के ग्राम भैंसमुड़ा (नवागढ़) के ग्रामीणों और सरपंचों के आग्रह पर सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण के लिए ग्राम पंचायत भैंसमुड़ा में तीन लाख रूपए और रायपुर जिले के विकासखंड पलारी स्थित ग्राम पंचायत खैरा में चार लाख रूपए की स्वीकृत तुरंत प्रदान कर दी। मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के ग्राम मलपुरी खुर्द से आए ग्रामीणों के आग्रह पर अहिवारा से संडी होते हुए मलपुरी खुर्द तक सड़क निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों का ज्ञापन पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव को भेजकर यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अथवा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में लेने के बारे में त्वरित परीक्षण कर जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। रायपुर जिले के आरंग, पारागांव तथा बैहर के नागरिकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से जनदर्शन में मुलाकात की और मुम्बई-हावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर बसे इन गांवों में रायपुर-आरंग फोरलेन सड़क निर्माण से प्रभावित परिवारों के लिए उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह किया। डॉ. सिंह ने उनके ज्ञापन पर प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को आवश्यक चर्चा के निर्देश जारी किए।

