स्वस्थ पंचायत योजना : मुख्यमंत्री के हाथों ग्राम पंचायतों को मिला पुरस्कार
रायपुर, 30 नवम्बर 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज जिला मुख्यालय कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में जिले के पांच विकासखण्डों से चयनित पांच ग्राम पंचायतों को स्वस्थ पंचायत योजना के तहत पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने इन ग्राम पंचायतों के सरपंचों को राज्य शासन की ओर से बारह-बारह हजार रूपए की पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर उन्हें और संबंधित ग्राम पंचायतों की जनता को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित इन ग्राम पंचायतों में विकासखण्ड कटघोरा की ग्राम पंचायत डिंडोलभाठा, विकासखण्ड कोरबा की ग्राम पंचायत सतरेंगा, विकासखण्ड पाली की ग्राम पंचायत चोरहा और विकासखण्ड पोंड़ी-उपरोड़ा की ग्राम पंचायत मलदा सहित विकासखण्ड करतला की भी एक ग्राम पंचायत शामिल है। मुख्यमंत्री ने कोरबा के प्रियदर्शिनी शासकीय जिला अस्पताल परिसर में आयोजित समारोह में अस्पताल के महिला वार्ड का भी निरीक्षण और मरीजों को फल वितरित किए। कार्यक्रम में गृह, जेल और सहकारिता मंत्री श्री ननकी राम कंवर, कृषि और श्रम मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू, स्कूल शिक्षा और लोकनिर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री राम विचार नेताम और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल, विधायक श्री जयसिंह अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन्तला कंवर तथा महापौर नगर निगम कोरबा श्री जोगेश लाम्बा, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। कलेक्टर कोरबा श्री आर.पी.एस. त्यागी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को अस्पताल में विभिन्न सुविधाओं के विकास के लिए चल रहे कार्यो की जानकारी दी।

