मुख्यमंत्री ने किया 'छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता : हमारे पुरोधा-खण्ड-2' और 'सुशासन से अंत्योदय' का विमोचन
रायपुर 24 अप्रैल, 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा प्रकाशित दो पुस्तिकाओं 'छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता : हमारे पुरोधा-खण्ड-2' और 'सुशासन से अंत्योदय' का विमोचन किया। 'छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता : हमारे पुरोधा-खण्ड-2' का संपादन माधवराव सप्रे शोधपीठ के अध्यक्ष श्री परितोष चक्रवर्ती द्वारा किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता जगत की विभूतियों सर्वश्री बारीन्द्रनाथ बैनर्जी, पंडित रामाश्रय उपाध्याय, पंडित शिवनारायण द्विवेदी, मधुकर खेर, केशवलाल मेहता, कुमार साहू, श्रीकांत वर्मा, डी.पी. चौबे, रम्मू श्रीवास्तव, किरीट जोशी, बसंत अवस्थी और श्री सत्येन्द्र गुमास्ता का जीवन परिचय प्रकाशित किया गया है।

ज्ञातव्य है कि विश्वविद्यालय द्वारा पत्रकारिता के पुरोधाओं पर केन्द्रित पहला मोनोग्राफ 'हमारे पुरोधा-खण्ड एक' पिछले वर्ष प्रकाशित किया गया था। मुख्यमंत्री ने पुस्तिकाओं के प्रकाशन पर विश्वविद्यालय परिवार को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन पुस्तिकाओं के माध्यम से हमारी नयी पीढ़ी को छत्तीसगढ़ के पत्रकारिता जगत की हस्तियों को जानने और समझने में मदद मिलेगी। साथ ही पत्रकारिता के विकास में उनके योगदान की जानकारी भी नयी पीढ़ी को मिल सकेगी। 'सुशासन से अंत्योदय' शीर्षक से प्रकाशित पुस्तिका का संपादन पंडित दीनदयाल उपाध्याय मानव अध्ययन शोधपीठ के अध्यक्ष श्री दिनकर केशव भाकरे द्वारा किया गया है, जिसमें शोधपीठ द्वारा विगत 22 अक्टूबर को 'सुशासन और अंत्योदय' विषय पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, डॉ. विनय सहस्त्रबुध्दे, डॉ. बजरंग लाल गुप्ता और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद जोशी द्वारा दिये गए व्याख्यानों का प्रकाशन किया गया है।
इस अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद जोशी, कुलसचिव डॉ. डी.एन. वर्मा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मानव अध्ययन शोधपीठ के अध्यक्ष श्री दिनकर केशव भाकरे, माधवराव सप्रे शोधपीठ के अध्यक्ष श्री परितोष चक्रवर्ती, पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक श्री पंकज नमन पाण्डेय और श्री नृपेंद्र शर्मा उपस्थित थे।

