सत्यसाईं बाबा ने मानवता का मार्ग दिखाया : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने साईं बाबा के निधन पर शोक व्यक्त किया
रायपुर, 24 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पुट्टपर्थी के सत्यसाईं बाबा के आज हुए आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने यहां जारी शोक संदेश में कहा है कि सत्य साईं बाबा ने धर्म और आध्यात्म को समाज सेवा के कार्यों से जोड़कर देश और दुनिया को मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाया। उनके मार्गदर्शन में उनकी संस्था द्वारा संचालित अनेक शैक्षणिक संस्थाएं और अस्पताल आम जनता को हमेशा जनकल्याण के उनके रचनात्मक कार्यों की याद दिलाते रहेंगे। वे एक महान आध्यात्मिक संत थे। डॉ. रमन सिंह ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। डॉ. सिंह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सत्यसाईं बाबा के करोड़ों भक्तों के साथ मेरी और छत्तीसगढ़ की जनता की संवेदनाएं भी उनके शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं। ज्ञातव्य है कि सत्यसाईं बाबा का आज आंध्रप्रदेश के पुट्टपर्थी में निधन हो गया।

