छत्तीसगढ़ में बना हाइड्रोसिल और हार्निया ऑपरेशनों का राष्ट्रीय कीर्तिमान:मुख्यमंत्री ने दी बधाई
दो सप्ताह के शिविर में दो हजार से ज्यादा नि:शुल्क ऑपरेशन
रायपुर, 06 दिसम्बर 2010
हाइड्रोसिल और हार्निया के नि:शुल्क और सफल ऑपरेशनों का छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय कीर्तिमान बना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जिला मुख्यालय रायगढ़ में आयोजित इस शिविर में इन दोनों बीमारियों के दो हजार 217 सफल आपरेशनों के लिए वहां के डॉक्टरों, लाभान्वित मरीजों और शिविर आयोजकों को बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण्ा विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालय रायगढ़ में भारतीय रेडक्रास सोसायटी, जिला प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से आयोजित दो सप्ताह के विशेष नि:शुल्क शिविर में ये आपरेशन किए गए। जिला प्रशासन ने शिविर से लाभान्वित मरीजों की इस संख्या को एक राष्ट्रीय कीर्तिमान बताया है।
उल्लेखनीय है कि यह शिविर पिछले महीने की 20 तारीख से विगत तीन दिसम्बर तक शासकीय जिला अस्पताल और जिन्दल अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र में चले इस शिविर में हाइड्रोसिल के दो हजार 054 और हार्निया के 163 मरीजों के नि:शुल्क और सफल आपरेशन किए गए। शिविर में छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर, शासकीय जिला अस्पताल रायगढ़ और जिन्दल हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर रायगढ़ के डॉक्टरों द्वारा ये आपरेशन किए गए। पैरामेडिकल कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय सहयोग दिया। शिविर में रायगढ़ जिले के विभिन्न विकासखण्डों मरीजों को जिला मुख्यालय लाने-ले जाने और उनके लिए भोजन, आवास और दवाईयों की समुचित व्यवस्था समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से की गयी। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में सर्वाधिक 348 मरीज पुसौर विकासखण्ड से आए, जबकि मरीजों की सबसे कम संख्या 117 सारंगढ़ विकासखण्ड से थी। विकासखण्ड रायगढ़ के 340, धरमजयगढ़ के 330, घरघोड़ा के 205, लैलूंगा के 251, खरसिया के 234 और विकासखण्ड बरमकेला के 117 मरीजों के नि:शुल्क आपरेशन डॉक्टरों द्वारा किए गए। स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ सहित नगर निगम रायगढ़ और जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भी सराहनीय योगदान दिया।

