युगों तक याद रहेगा रानी अवंति बाई का बलिदान : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने 101 बालिकाओं को नि:शुल्क सायकल भेंट कर दिया आशीर्वाद
लगभग 1.14 करोड़ के भवनों का लोकार्पण
रायपुर, 03 अप्रैल 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आज अपरान्ह कबीरधाम (कवर्धा) जिले के ग्राम गोछिया में जिला लोधी समाज द्वारा आयोजित वीरांगना रानी अवंति बाई लोधी के बलिदान दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर राज्य शासन की सरस्वती सायकल योजना के तहत हाई स्कूल स्तर की 101 बालिकाओं को नि:शुल्क सायकल प्रदान कर आशीर्वाद सहित अपनी शुभकामनाएं दी। डॉ. रमन सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में रानी अवंति बाई लोधी की शहादत को याद करते हुए उन्हें न केवल लोधी समाज बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि देश के लिए रानी अवंति बाई का बलिदान युगों-युगों तक याद किया जाएगा। डॉ. सिंह ने कहा कि लोधी समाज मेहनतकशों का समाज है। छत्तीसगढ़ के विकास में भी इस समाज का महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास के लिए लगभग एक करोड़ 14 लाख रूपए के विभिन्न नव-निर्मित भवनों का लोकार्पण किया, जिनमें ग्राम गोछिया के लिए 57 लाख 46 हजार रूपए की लागत से निर्मित हाई स्कूल भवन, रणवीरपुर के लिए 25 लाख 39 हजार रूपए और ग्राम रक्से के लिए भी 25 लाख 39 हजार रूपए की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन तथा ग्राम छाटां(झा) में पांच लाख 70 हजार रूपए की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन शामिल हैं। डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर ग्रामीणों की मांग तुरन्त स्वीकार करते हुए सिंघनपुरी-पैली मार्ग पर पुलिया निर्माण और गोछिया-मोहतरा तथा मुंगेलीडीह-बम्हनी सड़क निर्माण का प्रस्ताव जल्द मंजूर करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि कवर्धा से ग्राम रामपुर (ठाठापुर) तक सड़क उन्नयन का कार्य एशियन विकास बैंक परियोजना के तहत कराया जाएगा। कार्यक्रम को संसदीय सचिव द्वय डॉ. सियाराम साहू और श्री कोमल जंघेल तथा लोकसभा सांसद श्री मधुसूदन यादव ने भी सम्बोधित किया। श्री यादव ने ग्रामीणों के आग्रह पर गोछिया में सांसद स्थानीय निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के तहत सामुदायिक भवन निर्माण के लिए सांसद निधि से पांच लाख रूपए की धन राशि जल्द दिलाने की घोषणा की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष श्री संतोष पाण्डेय सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और लोधी समाज के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

